हिंदी
महिला प्रीमियर लीग 2026 का आगाज 9 जनवरी से होगा। विश्व कप जीत के आत्मविश्वास के साथ भारतीय खिलाड़ी मैदान में उतरेंगी। यह लीग टी20 विश्व कप 2026 की तैयारी का अहम मंच बनेगी।
महिला प्रीमियर लीग 2026
New Delhi: 2025 अब इतिहास बन चुका है और भारतीय महिला क्रिकेट टीम का वनडे विश्व कप खिताब हमेशा के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। लेकिन क्रिकेट की दुनिया में जश्न ज्यादा देर नहीं रुकता। व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर के बाद अब भारतीय महिला क्रिकेट का फोकस पूरी तरह महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 पर आ गया है। यह लीग न सिर्फ भारत की सबसे बड़ी महिला टी20 प्रतियोगिता है, बल्कि अब यह महिला क्रिकेट के भविष्य की दिशा भी तय कर रही है।
महिला प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन 9 जनवरी से 5 फरवरी तक किया जाएगा। इस दौरान कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे, जो नवी मुंबई और बड़ौदा के मैदानों पर होंगे। चार हफ्तों तक हाई-वोल्टेज क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। लीग चरण के बाद प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जहां खिताब के लिए कड़ी जंग देखने को मिलेगी।
अब तक के दो संस्करणों में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु खिताब जीत चुकी हैं। मुंबई ने 2023 में ट्रॉफी अपने नाम की थी, जबकि आरसीबी ने 2024 में इतिहास रचते हुए पहली बार चैंपियनशिप जीती। दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स लगातार फाइनल तक पहुंचने के बावजूद अब तक खिताब नहीं जीत सकी है। यूपी वॉरियर्स और गुजरात जाएंट्स ने भी कई मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन किया है, लेकिन ट्रॉफी का इंतजार अब भी बरकरार है।
घर की लगी लंका…दूसरों पर शंका! बांग्लादेश सुरक्षित तो बाहर क्यों रह रहा दिग्गज क्रिकेटर?
इस बार का WPL सीजन पिछले तीन संस्करणों से बिल्कुल अलग माहौल में खेला जाएगा। भारतीय महिला टीम की विश्व कप जीत के बाद खिलाड़ियों की लोकप्रियता, आत्मविश्वास और दर्शकों का उत्साह नए स्तर पर पहुंच चुका है। हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा अब सिर्फ स्टार खिलाड़ी नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आइकॉन बन चुकी हैं। पहली बार भारतीय महिला खिलाड़ी किसी लीग में विश्व चैंपियन के रूप में उतरेंगी। यह आत्मविश्वास उनके खेल में साफ झलकेगा और विपक्षी टीमों के लिए चुनौती बढ़ाएगा।
2007 टी20 विश्व कप जीत के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) ने भारतीय पुरुष क्रिकेटरों की किस्मत बदल दी थी। कुछ ऐसा ही असर अब महिला क्रिकेट में भी देखने को मिल रहा है। WPL ने खिलाड़ियों को मंच, पहचान और आर्थिक मजबूती दी है। विश्व कप जीत के बाद यह लीग महिला खिलाड़ियों के करियर में चार चांद लगाने का काम कर सकती है।
2026 में इंग्लैंड में महिला टी20 विश्व कप खेला जाना है। ऐसे में WPL खिलाड़ियों के लिए सिर्फ एक लीग नहीं, बल्कि विश्व कप की तैयारी का सबसे बड़ा मंच बन चुका है। यहां का प्रदर्शन सीधे टीम इंडिया के चयन और रणनीति को प्रभावित करेगा। पिछले सीजन ने क्रांति गौड़, काश्वी गौतम और श्री चरणी जैसी नई प्रतिभाएं दी थीं। इस बार भी युवा खिलाड़ियों के उभरने की पूरी संभावना है। WPL अब भविष्य के सितारे तैयार करने की फैक्ट्री बन चुकी है।
धोनी के विवादित पोस्टर ले लेकर नागिन डांस तक… जानें भारत-बांग्लादेश क्रिकेट के ये 5 बड़े विवाद
महिला प्रीमियर लीग के दिन के मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होंगे, जबकि शाम के मुकाबले 7:30 बजे से खेले जाएंगे। टॉस मैच शुरू होने से आधे घंटे पहले होगा। दर्शक टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।
अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी। वहीं दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा, जिसकी विजेता टीम फाइनल में शीर्ष टीम से भिड़ेगी। यह फॉर्मेट आखिरी मुकाबलों में रोमांच को और बढ़ा देता है।
पांचों टीमों ने संतुलित और मजबूत स्क्वॉड तैयार किए हैं। मुंबई इंडियंस की कप्तानी हरमनप्रीत कौर करेंगी और उनके साथ हेले मैथ्यूज, एमीलिया केर और नैट शीवर-ब्रंट जैसी ऑलराउंडर मौजूद हैं। आरसीबी में स्मृति मंधाना, ऋचा घोष और ग्रेस हैरिस जैसी विस्फोटक खिलाड़ी हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स की अगुवाई जेमिमा रोड्रिग्स करेंगी और टीम में शेफाली वर्मा, एलिसा वोल्वार्ट और स्नेह राणा जैसे मैच विनर शामिल हैं। यूपी वॉरियर्स की कप्तानी मेग लैनिंग संभालेंगी और टीम में दीप्ति शर्मा, सोफी एक्लेस्टोन और डिएंड्रा डॉटिन जैसे बड़े नाम हैं। गुजरात जाएंट्स की कमान एशले गार्डनर के हाथों में होगी, जिनके साथ बेथ मूनी, सोफी डिवाइन और रेणुका सिंह ठाकुर टीम की ताकत हैं।