IPL 2026: रोते हुए वैभव सूर्यवंशी को मिला दिग्गजों का साथ, अमिताभ बच्चन ने बढ़ाया हौसला तो इरफान अंसारी करेंगे सम्मानित

IPL क्वालीफायर 2 में 96 रनों की पारी खेलने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। अमिताभ बच्चन और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने वैभव की इस अद्भुत प्रतिभा की जमकर सराहना की है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 30 May 2026, 1:04 PM IST
google-preferred

New Delhi: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के क्वालीफायर 2 में गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ मिली हार के बाद राजस्थान रॉयल्स (RR) के 15 वर्षीय युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी मैदान पर बेहद भावुक नजर आए। टीम के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद जहां पूरा देश इस युवा खिलाड़ी की सांत्वना दे रहा है, वहीं बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने वैभव की असाधारण प्रतिभा की जमकर तारीफ की है। दोनों दिग्गजों ने न सिर्फ वैभव का हौसला बढ़ाया है, बल्कि उनकी अद्भुत खेल भावना को पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।

क्वालीफायर 2 में वैभव की विस्फोटक पारी

गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेले गए इस करो या मरो के मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से टी20 क्रिकेट का एक बेहतरीन नजारा पेश किया। उन्होंने महज 47 गेंदों का सामना करते हुए ताबड़तोड़ 96 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। हालांकि, उनकी इस शानदार परफॉर्मेंस के बावजूद राजस्थान रॉयल्स को जीत नसीब नहीं हो सकी।

मैच हारने के बाद वैभव डगआउट में बेहद निराश और भावुक होकर रोते दिखे, जिसके बाद टीम स्टाफ और फैंस ने उन्हें संभाला। सोशल मीडिया पर उनकी भावुक तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

IPL 2026: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी देख गदगद हुए ललित मोदी, दे डाला दुनिया का सबसे अनोखा ऑफर!

महानायक अमिताभ बच्चन ने बांधे तारीफों के पुल

वैभव की इस शानदार पारी और उनकी खेल भावना को देखकर बॉलीवुड स्टार अमिताभ बच्चन भी खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर 'टी 5756(आई)' के तहत हिंदी में पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'सूर्यवंशी - 15 साल की उम्र का अद्भुत सूर्य। इस उम्र में तो हम बच्चे गुल्ली डंडा और बंटो भी ठीक से नहीं खेल पा रहे थे!!' बच्चन साहब के इस ट्वीट ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी हैं और वैभव का मनोबल बढ़ाने का काम किया है।

झारखंड स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर बनेंगे वैभव

बिहार के रहने वाले वैभव सूर्यवंशी की इस सफलता से पड़ोसी राज्य झारखंड भी बेहद उत्साहित है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि करोड़ों भारतीयों का दिल जीतने वाले वैभव को जल्द ही झारखंड में एक भव्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाजों की धुनाई करना उनकी असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है।

IPL 2026: दिग्गजों को पछाड़ वैभव सूर्यवंशी बने नंबर वन

धोनी की राह पर युवा सितारा

वैभव सूर्यवंशी से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी झारखंड के विभिन्न विभागों के ब्रांड एंबेसडर रह चुके हैं। सरकार ने धोनी को आवासीय भूखंड समेत कई सुविधाएं दी थीं। अब मात्र 15 वर्ष की आयु में वैभव भी उसी राह पर आगे बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने उम्मीद जताई है कि वैभव आने वाले समय में विश्व क्रिकेट में भारत का नाम नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

Location :  New Delhi

Published :  30 May 2026, 1:04 PM IST

Related News

Advertisement