हिंदी
अब जिम्बाब्वे की क्रिकेट टीम को जीत के लिए 257 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा, जो आसान नहीं दिख रहा है। इस मैच में भारतीय बल्लेबाज अभिषेक और हार्दिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्धशतक लगाया।
भारत के बल्लेबाजों ने रचा इतिहास
Chennai: चेन्नई में खेले जा रहे भारत और जिम्बाब्वे के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 256 रन बनाए। अब जिम्बाब्वे की क्रिकेट टीम को जीत के लिए 257 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा, जो आसान नहीं दिख रहा है। इस मैच में भारतीय बल्लेबाज अभिषेक और हार्दिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्धशतक लगाया।
ICC Men's T20 World Cup 2026 के सुपर-8 राउंड में चेन्नई का मैदान रन मशीन बन गया। ICC Men's T20 World Cup 2026 के इस अहम मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 4 विकेट पर 256 रन ठोक दिए, जो इस वर्ल्ड कप का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। मुकाबला एमए चिदम्बरम स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन फैसला भारी पड़ता दिख रहा है।
ओपनिंग में ठोस शुरुआत
भारत की शुरुआत आक्रामक रही। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े। संजू 24 रन बनाकर ब्लेसिंग मुजारबानी की गेंद पर रयान बर्ल को कैच थमा बैठे। इसके बाद अभिषेक ने ईशान किशन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े। अभिषेक ने सिर्फ 26 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर ली। उन्होंने 30 गेंदों पर 55 रन बनाए, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल रहे। उनका विकेट टिनोटेंडा मापोसा ने लिया। ईशान 38 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें सिकंदर रजा ने रिचर्ड नगारवा के हाथों कैच कराया।
मिडिल ऑर्डर का धमाका
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आते ही गियर बदल दिया। उन्होंने सिर्फ 13 गेंदों में 33 रन ठोके, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनका विकेट भी नगारवा ने लिया। अंत में हार्दिक पंड्या ने नाबाद 50 रन बनाकर पारी को शानदार फिनिश दिया। उनके साथ तिलक वर्मा 44 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बटोरे और स्कोर 256 तक पहुंचा दिया।
अब जिम्बाब्वे पर भारी दबाव
257 रनों का लक्ष्य टी20 में आसान नहीं होता, वो भी सुपर-8 जैसे बड़े मंच पर। चेन्नई की पिच पर रन तो बन रहे हैं, लेकिन भारत के गेंदबाजों के सामने जिम्बाब्वे की राह बेहद मुश्किल नजर आ रही है।