2026 टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान महामुकाबला नहीं होगा। पाकिस्तान सरकार ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले लीग मैच का बहिष्कार करने का एलान किया है। हालांकि पाकिस्तान टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा।

भारत बनाम पाकिस्तान मैच पर सस्पेंस (Img: Google)
New Delhi: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले क्रिकेट जगत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। जहां पाकिस्तान सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि उसकी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ 15 फरवरी 2026 को होने वाला मुकाबला नहीं खेलेगी। यह मुकाबला टूर्नामेंट के लीग स्टेज का सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा था, जिसे श्रीलंका में आयोजित किया जाना था। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने सरकार के फैसले की पुष्टि कर दी है।
रविवार को पाकिस्तान सरकार ने एलान किया कि पाकिस्तान की टीम 7 फरवरी से शुरू हो रहे 2026 टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा जरूर लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ निर्धारित मुकाबले का बहिष्कार करेगी। सरकार का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में भारतीय टीम के खिलाफ मैदान पर उतरना संभव नहीं है। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब बांग्लादेश पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है।
IND vs PAK U19: भारत-पाकिस्तान मुकाबला, कौन करेगा सेमीफाइनल में जगह पक्की?
हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि अगर टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण या सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आते हैं, तो टीम खेलेगी या नहीं। फिलहाल सरकार ने केवल 15 फरवरी के लीग मैच को लेकर ही बहिष्कार का एलान किया है। इस अनिश्चितता ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और आयोजकों की चिंता बढ़ा दी है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी को पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के मुकाबले से होगा। यह मैच कोलंबो में खेला जाएगा और भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे शुरू होगा। इसी दिन कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड आमने-सामने होंगे, जबकि मुंबई में भारतीय टीम अपना पहला मैच यूएसए के खिलाफ खेलेगी।
टूर्नामेंट में शामिल 20 टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, यूएसए और नीदरलैंड्स को रखा गया है। सुपर-8 में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को अब यूएसए और नीदरलैंड्स के खिलाफ दोनों मुकाबले जीतने होंगे। अगर पाकिस्तान ऐसा करता है, तो वह भारत से खेले बिना भी अगले दौर में प्रवेश कर सकता है।
T20 World Cup 2026: किन टीमों से होगी स्कॉटलैंड की टक्कर? जानें पूरा शेड्यूल
भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले हमेशा से करोड़ों दर्शकों का ध्यान खींचते रहे हैं। ऐसे में इस हाई-वोल्टेज मैच का न होना न केवल प्रशंसकों के लिए निराशाजनक है, बल्कि टूर्नामेंट की लोकप्रियता और व्यावसायिक पहलुओं पर भी असर डाल सकता है। अब सभी की निगाहें ICC के अगले कदम और भविष्य के फैसलों पर टिकी हैं।