
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा (Img: Google)
New Delhi: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले बांग्लादेश ने टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेने का एलान किया और अब पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ लीग स्टेज मैच खेलने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान सरकार ने 1 फरवरी को घोषणा की कि उनकी टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले का बहिष्कार करेगी। इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत में हलचल तेज हो गई है।
इस पूरे मामले पर अब पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा की प्रतिक्रिया सामने आई है। रविवार को जब पाकिस्तानी टीम टी20 वर्ल्ड कप के लिए श्रीलंका के कोलंबो रवाना हुई, उसी दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत की। सलमान अली आगा ने कहा कि टीम सरकार और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के फैसले के साथ खड़ी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “हम बोर्ड के साथ अनुबंधित खिलाड़ी हैं। सरकार और बोर्ड ने जो भी फैसला लिया है, सभी खिलाड़ी उसके साथ हैं।”
सलमान अली आगा ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत के खिलाफ मैच को लेकर भले ही विवाद हो, लेकिन टीम का लक्ष्य वर्ल्ड कप जीतना ही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के ग्रुप में तीन अन्य मुकाबले हैं और टीम का पूरा ध्यान उन मैचों को जीतकर अगले दौर में क्वालीफाई करने पर है। कप्तान के बयान से यह संकेत मिला कि खिलाड़ी मैदान पर राजनीति से दूरी बनाए रखना चाहते हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) पाकिस्तान के खिलाफ कोई सख्त कदम उठाएगी? रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभी तक पीसीबी ने आधिकारिक रूप से आईसीसी को भारत से मैच न खेलने की जानकारी नहीं दी है। जैसे ही यह सूचना दी जाएगी, आईसीसी नियमों के तहत कार्रवाई कर सकती है।
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान को 2026 टी20 वर्ल्ड कप से बाहर किया जा सकता है या फिर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के लिए विदेशी खिलाड़ियों को NOC देने में सख्ती बरती जा सकती है।
T20 World Cup 2026: भारत के खिलाफ पाकिस्तान की बड़ी साजिश, जाने क्या है पूरा मांजरा?
क्रिकेट जानकारों का मानना है कि पाकिस्तान का यह कदम बांग्लादेश के समर्थन में उठाया गया है। बांग्लादेश ने पहले ही वर्ल्ड कप से हटने का फैसला किया था, क्योंकि आईसीसी ने उनके मैचों को तय शेड्यूल के बाद भारत से बाहर स्थानांतरित करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी और पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने आईसीसी की आलोचना की थी और बहिष्कार के संकेत दिए थे।
हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि अगर वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल या फाइनल में भारत से मुकाबला होता है, तो टीम क्या रुख अपनाएगी। फिलहाल सरकार ने सिर्फ 15 फरवरी को होने वाले लीग मैच के बहिष्कार की घोषणा की है। आने वाले दिनों में इस फैसले पर और स्पष्टता आने की उम्मीद है।
Location : New Delhi
Published : 3 February 2026, 10:33 AM IST