
लियोनेल मेस्सी भारत पहुंचे (IMG: X)
Kolkata: भारतीय फुटबॉल फैंस का वर्षों पुराना सपना आखिरकार सच हो गया है। अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शुमार लियोनेल मेसी 14 साल बाद भारत पहुंचे हैं। उनका यह दौरा ‘GOAT इंडिया टूर 2025’ के तहत हो रहा है, जो तीन दिनों तक चलेगा। इस टूर के दौरान मेसी भारत के चार प्रमुख शहरों कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और नई दिल्ली का दौरा करेंगे और अपने चाहने वालों से रूबरू होंगे।
लियोनेल मेसी अपने पूर्व बार्सिलोना साथी लुइस सुआरेज़ और अर्जेंटीना टीम के स्टार मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल के साथ तड़के करीब 1:30 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे। उनके आगमन की खबर मिलते ही हजारों फैंस सड़कों पर उतर आए। अर्जेंटीना की जर्सी, झंडे, बैनर और पोस्टर लिए फैंस “मेसी, मेसी” के नारे लगाते नजर आए। हयात रीजेंसी होटल के बाहर और लॉबी में भी भारी भीड़ उमड़ी, हालांकि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते मेसी को होटल के पिछले दरवाज़े से अंदर ले जाया गया, जिससे कई फैंस उन्हें नजदीक से नहीं देख सके।
लियोनेल मेसी यूनिसेफ (UNICEF) के ब्रांड एंबेसडर हैं और उनका यह पूरा दौरा इसी एसोसिएशन के तहत आयोजित किया गया है। इस टूर का उद्देश्य न सिर्फ फुटबॉल को बढ़ावा देना है, बल्कि बच्चों के अधिकारों और कल्याण को लेकर जागरूकता फैलाना भी है। भारत में मेसी की लोकप्रियता इस बात से साफ झलकती है कि उनके स्वागत के लिए लोग घंटों इंतजार करते रहे।
टूर के पहले दिन कोलकाता में मेसी का शेड्यूल बेहद व्यस्त रहेगा। सुबह 9:30 बजे से वह आम लोगों और फैंस से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे युवा भारती स्टेडियम में उनकी 70 फुट ऊंची मूर्ति का वर्चुअल अनावरण किया जाएगा। इस खास मौके पर सौरव गांगुली, शाहरुख खान और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी उनकी मुलाकात प्रस्तावित है। दोपहर करीब 12:30 बजे मेसी एक फ्रेंडली फुटबॉल मैच में हिस्सा लेंगे।
यह भी पढ़ें- कबड्डी ट्रॉफी टूर में दिखा क्रेज, 24 दिसंबर को नोएडा में होगा मुकाबला
कोलकाता से रवाना होकर मेसी दोपहर 2 बजे हैदराबाद के लिए उड़ान भरेंगे और लगभग 4 बजे वहां पहुंचेंगे। हैदराबाद में राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में एक विशेष फुटबॉल मैच खेला जाएगा, जिसमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी हिस्सा लेंगे। शाम को मेसी के सम्मान में एक भव्य म्यूजिकल कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके साथ ही एक एक्सक्लूसिव मीट एंड ग्रीट सेशन भी रखा गया है, जहां फैंस मेसी से हाथ मिला सकते हैं और फोटो खिंचवा सकते हैं, हालांकि इसके लिए करीब ₹9.95 लाख प्लस GST खर्च करने होंगे।
Location : Kolkata
Published : 13 December 2025, 7:44 AM IST
Topics : Football News GOAT India Tour Lionel Messi