हिंदी
श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर हो सकते हैं बुमराह (Img: X)
New Delhi: भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लग सकता है। भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अभी तक अपनी चोट से पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार, बुमराह फिलहाल 'इम्पैक्ट इंजरी' से उबर रहे हैं और मेडिकल टीम उनकी जल्दबाजी में वापसी के पक्ष में नहीं है। ऐसे में उनके श्रीलंका दौरे से बाहर रहने की संभावना बढ़ गई है।
दो दिन पहले मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि बुमराह ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और वह श्रीलंका दौरे के लिए तैयार हैं। हालांकि अब बीसीसीआई से जुड़े सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी ने भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिहाज से यह टेस्ट सीरीज भारत के लिए काफी अहम मानी जा रही है।
India Vs Sri Lanka: भारत ने श्रीलंका को हरा कर किया खिताब पर कब्जा, जानिये कैसे हुई इंडिया की जीत
बुमराह के घुटने की सूजन शुरुआती अनुमान से अधिक गंभीर है। वह इस समय बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। उम्मीद थी कि वह दो सप्ताह के भीतर फिट हो जाएंगे, लेकिन अभी भी उन्हें घुटने में असहजता महसूस हो रही है।
बीसीसीआई की स्पोर्ट्स साइंस टीम बुमराह की वापसी को लेकर पूरी सतर्कता बरत रही है। आगामी महीनों में भारतीय टीम के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए मेडिकल टीम किसी भी तरह का जोखिम लेने के पक्ष में नहीं है। यदि बुमराह पहले टेस्ट से पहले फिट भी हो जाते हैं, तब भी अंतिम फैसला उनकी मैच फिटनेस और कार्यक्षमता को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।
श्रीलंका की सपाट पिचों पर तेज गेंदबाजों को लंबे स्पेल डालने पड़ते हैं। ऐसे में बुमराह के कार्यभार को देखते हुए उन्हें आराम दिया जा सकता है। यदि वह उपलब्ध नहीं होते हैं तो चयनकर्ता औकिब नबी या यश ठाकुर में से किसी एक को टीम में मौका दे सकते हैं। दोनों गेंदबाज घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर चुके हैं।
भारतीय टीम पहले ही कई खिलाड़ियों की चोट से परेशान है। नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा और वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पहले टेस्ट से बाहर माने जा रहे हैं। ऐसे में बुमराह की संभावित गैरमौजूदगी भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है।
Location : New Delhi
Published : 2 August 2026, 7:54 PM IST