
RCB-GT फाइनल आज (Img- Internet)
Ahmedabad: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें सीजन की सर्वश्रेष्ठ टीमों में रही हैं और अब नजरें ट्रॉफी के साथ मिलने वाली करोड़ों रुपये की प्राइज मनी पर भी टिकी हैं।
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल बतौर कप्तान अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे। गुजरात ने इससे पहले 2022 में हार्दिक पंड्या की कप्तानी में खिताब जीता था। दूसरी ओर, रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंची है और टीम अपने दूसरे खिताब की तलाश में है।
आईपीएल का खिताब जीतने वाली टीम को सिर्फ ट्रॉफी ही नहीं, बल्कि बड़ी इनामी राशि भी दी जाती है। IPL 2026 की चैंपियन टीम को 20 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिलेगी। आईपीएल के पहले सीजन में विजेता राजस्थान रॉयल्स को 4.8 करोड़ रुपये मिले थे, लेकिन समय के साथ यह राशि कई गुना बढ़ चुकी है।
IPL 2026 Final: RCB और गुजरात टाइटंस के बीच आज खिताबी जंग, किसके सिर सजेगा ताज?
फाइनल हारने वाली टीम खाली हाथ नहीं लौटेगी। उपविजेता टीम को 13 करोड़ रुपये की प्राइज मनी दी जाएगी। यानी RCB और GT में से जो भी टीम ट्रॉफी से चूकेगी, उसे भी करोड़ों रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
आईपीएल 2026 में प्लेऑफ तक पहुंचने वाली अन्य टीमों को भी इनाम दिया जाएगा। क्वालीफायर-2 तक पहुंचने वाली राजस्थान रॉयल्स को 7 करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि एलिमिनेटर में बाहर हुई सनराइजर्स हैदराबाद को 6.5 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
फाइनल मुकाबले से पहले फिल साल्ट की उपलब्धता को लेकर संशय बना हुआ है। हालांकि, RCB अपने मौजूदा संयोजन से संतुष्ट नजर आ रही है। विराट कोहली के साथ वेंकटेश अय्यर ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। गुजरात टाइटंस भी अपनी प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव की संभावना नहीं देख रही है।
RCB और GT के बीच IPL 2026 का फाइनल मुकाबला आज शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।
अब देखना दिलचस्प होगा कि करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों की नजरों के बीच कौन सी टीम ट्रॉफी और 20 करोड़ रुपये की इनामी राशि अपने नाम करती है।
Location : Ahmedabad
Published : 31 May 2026, 3:38 PM IST