चोट के बाद मैदान पर उतरते ही Lionel Messi का धमाका, पेनल्टी गोल से जीता फैंस का दिल

फीफा विश्व कप 2026 से पहले मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने आखिरी अभ्यास मैच में आइसलैंड को 3-0 से रौंदकर अपनी ताकत का अहसास कराया है। चोट के बाद वापसी कर रहे कप्तान लियोनेल मेसी ने पेनल्टी पर शानदार गोल दागा। वालेंटिन बार्को और थियागो अल्माडा के गोलों की बदौलत टीम ने यह बड़ी जीत दर्ज की।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 10 June 2026, 3:44 PM IST
google-preferred

New Delhi : फीफा विश्व कप 2026 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने अपने आखिरी अभ्यास मुकाबले में ऐसा प्रदर्शन किया कि बाकी टीमों के लिए खतरे की घंटी बज गई। अलबामा के ऑबर्न में खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना ने आइसलैंड को 3-0 से हराकर साफ संकेत दे दिया कि वह अपना ताज बचाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

इस जीत का सबसे बड़ा आकर्षण रहे कप्तान Lionel Messi, जिन्होंने चोट के बाद मैदान पर वापसी करते ही अपने प्रशंसकों को मुस्कुराने का मौका दे दिया।

बार्को के गोल से शुरू हुई जीत की कहानी

मुकाबले के शुरुआती मिनटों में आइसलैंड ने हमला बोलकर चौंकाने की कोशिश की, लेकिन मौका गंवा बैठा। इसके बाद अर्जेंटीना ने खेल की कमान अपने हाथ में ले ली।

आठवें मिनट में वालेंटिन बार्को ने दूर से ऐसा शानदार शॉट लगाया कि गेंद सीधे जाल में जा समाई। इस गोल ने स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। शुरुआती बढ़त मिलने के बाद अर्जेंटीना लगातार आक्रामक अंदाज में खेलता रहा।

दिल्ली में Lionel Messi के सामने सीएम ‘रेखा गुप्ता हाय हाय’ के नारे, जानें क्यों?

जब मैदान पर उतरे मेसी, बदल गया माहौल

दूसरे हाफ में जैसे ही मेसी मैदान पर आए, स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा। कुछ ही मिनटों में उन्होंने दिखा दिया कि उन्हें फुटबॉल का जादूगर क्यों कहा जाता है।

उनकी शानदार मूवमेंट और सटीक पासिंग ने आइसलैंड के डिफेंस की मुश्किलें बढ़ा दीं। इसी दौरान अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली और मेसी ने पूरे आत्मविश्वास के साथ गेंद को गोलपोस्ट के अंदर पहुंचाकर स्कोर 2-0 कर दिया।

गोल के बाद मेसी का जश्न सोशल मीडिया पर भी छा गया और प्रशंसकों ने इसे विश्व कप से पहले शुभ संकेत बताया।

अल्माडा ने लगाई जीत पर अंतिम मुहर

मेसी और लाउतारो मार्टिनेज के बीच शानदार तालमेल ने एक और खूबसूरत मूव तैयार किया। इस मौके को थियागो अल्माडा ने गोल में बदलकर मुकाबले को 3-0 पर पहुंचा दिया।

विश्व कप से पहले दुनिया को मिला संदेश

यह सिर्फ एक अभ्यास मैच नहीं था, बल्कि अर्जेंटीना की ताकत का प्रदर्शन था। मेसी पूरी तरह फिट नजर आए, टीम का तालमेल शानदार दिखा और खिलाड़ियों का आत्मविश्वास चरम पर रहा।

अब 17 जून को अल्जीरिया के खिलाफ विश्व कप अभियान शुरू होगा। लेकिन आइसलैंड पर मिली यह जीत बता गई कि अगर मेसी का जादू यूं ही चलता रहा, तो अर्जेंटीना एक बार फिर फुटबॉल की दुनिया का बादशाह बन सकता है।

Location :  New Delhi

Published :  10 June 2026, 3:44 PM IST

Related News

Advertisement