हिंदी
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow/New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
इस लाइव ब्लॉग में आपको उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी घटना, राजनीतिक हलचल, अपराध, खेल और हर जरूरी घटनाक्रम पढ़ने को मिलेगा।
कानपुर देहात के गजनेर क्षेत्र के जसवापुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक संदिग्ध मोर्टार शेल मिला। बताया गया कि खेत में पानी लगाने के दौरान नाले के पास यह मोर्टार शेल कीचड़ और पानी में दबा हुआ मिला। मोर्टार शेल को अत्यंत खतरनाक श्रेणी का विस्फोटक बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को खाली कराकर सुरक्षित किया गया।
लखनऊ में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान नकल और गड़बड़ी के प्रयासों पर कार्रवाई की गई है। पिछले तीन दिनों में कुल 19 एफआईआर दर्ज कर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। नोएडा में अभ्यर्थी अंकित कुमार के E-KYC मिसमैच और भ्रामक वीडियो पोस्ट करने पर 4 एफआईआर दर्ज हुई हैं। लखनऊ के हुसैनगंज थाने में भी मुकदमे दर्ज किए गए हैं। वहीं कानपुर में एक अभ्यर्थी फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़ा गया है। सोशल मीडिया और यूट्यूब अकाउंट की भी जांच की जा रही है।
कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र स्थित जसवापुर गांव के पास एक नाले में संदिग्ध मोर्टार सेल मिला। बताया गया कि एक किसान की नजर सबसे पहले इस मोर्टार सेल पर पड़ी, जिसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर एरिया को सील कर दिया और लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी। मामले की जांच की जा रही है।
वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर आरक्षी भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों की लापरवाही सामने आई है। बताया गया कि यात्रा के दौरान कई अभ्यर्थी चलती ट्रेन में चढ़ गए, जबकि RPF और GRP ने उन्हें ऐसा करने से रोका था। इसके बावजूद अभ्यर्थियों ने जोखिम उठाया। यह पूरा मामला वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा है।
चमोली के गलनाव क्षेत्र में एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गई, जिसमें सवार दो युवक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने नीचे उतरकर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
अयोध्या पुलिस ने दर्शनार्थियों के वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार चोरी की बाइक भी बरामद की हैं। दोनों आरोपियों को सरयू नगर कॉलोनी के पास स्थित जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस मामले में आगे की पूछताछ और अन्य संभावित वारदातों की जांच कर रही है।
गाजियाबाद के एक सरकारी अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया जब बीपी चेक कराने पहुंची एक युवती ने हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि युवती हाथ में चाकू लेकर अस्पताल पहुंची थी और डॉक्टर की कुर्सी पर बैठकर हंगामा करने लगी। युवती के हाथ में चाकू देखकर अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आया है।
जालौन के उरई स्टेशन रोड पर स्थित एक ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटों के साथ ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना स्थल के पास पेट्रोल पंप होने के कारण लोगों की चिंता बढ़ गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को मामले की सूचना दी, जिसके बाद आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए।
प्रयागराज के नैनी स्थित अरैल घाट पर स्नान करने गए तीन बच्चे गंगा में डूब गए। बताया गया कि दोपहर बाद नहाते समय तीनों बच्चे गहराई में चले गए और देखते ही देखते नदी में समा गए। घटना के बाद मौके पर शोरगुल मच गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी देर तक कोई सुराग नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया।
देवरिया के नगर पालिका परिषद स्थित सेंट्रल हॉल में यूपी बोर्ड एवं सीबीएसई बोर्ड 2026 की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया और जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी ने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। वक्ताओं ने शिक्षा को समाज और राष्ट्र के विकास का आधार बताते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। सम्मान प्राप्त कर छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
लखनऊ हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने राजधानी में गुमशुदा नाबालिग बच्चों और अन्य लोगों के मामलों की जांच में कथित लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे मामलों में ढिलाई स्वीकार नहीं की जा सकती। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब राजधानी में ही गुमशुदगी के मामलों की स्थिति चिंताजनक है, तो अन्य जिलों की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद के बिसंडा थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गांव में 10 वर्षीय बालक के साथ झाड़-फूंक के बहाने कुकर्म किए जाने का आरोप लगा है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
हमीरपुर में बुधवार सुबह नेशनल हाईवे पर भीषण जाम लगने के कारण कानपुर की एक छात्रा पुलिस भर्ती परीक्षा देने समय पर केंद्र नहीं पहुंच सकी और उसकी परीक्षा छूट गई। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे था और एंट्री 8 बजे से शुरू हो गई थी। छात्रा 10 बजकर 5 मिनट पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पहुंची, जहां उसे प्रवेश नहीं दिया गया। इसके बाद वह अपनी मां के साथ डीएम ऑफिस भी पहुंची, लेकिन वहां से भी कोई राहत नहीं मिली। जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए 7 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 18,432 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं।
मंगलवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और मथुरा व आगरा में तेज धूल भरी आंधी ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। मथुरा में ब्रज-84 कोस परिक्रमा मार्ग पर लगाए गए भंडारों और शिविरों के टेंट उड़ गए, जबकि कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति घंटों बाधित रही। वहीं आगरा में करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी के कारण यूनिपोल कार पर गिर गया, कूलर नालों में बह गए और दर्जनों होर्डिंग व पेड़ धराशायी हो गए।

कानपुर शहर में सक्रिय वाहन चोर अब पुलिस थानों तक पहुंच गए हैं। पश्चिम जोन के पनकी थाने से जब्त कर खड़ा किया गया एक डंपर चोरी हो जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। हैरानी की बात यह है कि जिस वाहन को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने के बाहर खड़ा कराया था, वह पुलिस सुरक्षा के बावजूद गायब हो गया। मामले में मालखाना मुहर्रिर की तहरीर पर वाहन स्वामी और चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। देर रात तक पुलिस डंपर का कोई सुराग नहीं लगा सकी।
मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के गगहरा खुर्द गांव में 24 वर्षीय युवक का शव नहर किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के पिता के अनुसार युवक मंगलवार रात करीब 9 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रातभर उसका मोबाइल फोन व्यस्त बताता रहा। बुधवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों की तलाश के दौरान युवक का शव नहर किनारे पड़ा मिला। सूचना पर लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
मुजफ्फरनगर जनपद के बुढाना कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना उस समय हुई जब पुलिस बसीकला गेट पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध प्रतीत हुआ। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान आदिल के रूप में हुई, जो सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरवट का निवासी बताया गया है।
हापुड़ जिले के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में एक होमगार्ड पर दो बाइक सवार युवकों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि हमले में होमगार्ड घायल हो गया, लेकिन उसने किसी तरह हमलावरों से अपनी जान बचाई। घटना के बाद घायल होमगार्ड मदद की गुहार लेकर पिलखुवा कोतवाली पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी। हमलावरों की पहचान और उनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
बस्ती में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अचानक परिसर के सामने बने टॉवर पर चढ़ गई। महिला की पहचान लालगंज थाना क्षेत्र निवासी मंजू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने पति की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।
इटावा के वैदपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम अधियापुरा में मंगलवार शाम शराब के नशे में हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। आरोप है कि एक भाई ने अपने ही सगे भाई पर ईंट-पत्थरों और लोहे के हंसिया से हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सहारनपुर जिले में चल रही उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के दौरान एक बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया। गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर दूसरी पाली में परीक्षा दे रहे एक अभ्यर्थी को बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान संदिग्ध पाए जाने पर पकड़ लिया गया। जांच में उसके दस्तावेजों और पहचान में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। कोतवाली क्षेत्र के मुरता गांव में एक 24 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए न केवल युवक का सिर पत्थर से बुरी तरह कूंच दिया, बल्कि उसकी एक आंख भी फोड़ डाली। इतने से भी जब मन नहीं भरा, तो गला रेतकर उसकी जान ले ली और शव को नदी के पुल के नीचे फेंक दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
सहारनपुर जिले में चल रही उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के दौरान एक बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया। गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर दूसरी पाली में परीक्षा दे रहे एक अभ्यर्थी को बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान संदिग्ध पाए जाने पर पकड़ लिया गया। जांच में उसके दस्तावेजों और पहचान में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
सुल्तानपुर के नगर कोतवाली क्षेत्र के ओम नगर इलाके में देर रात मनचलों की हरकत से दहशत फैल गई। घर जा रही लड़कियों के साथ छेड़खानी का प्रयास किया गया। बताया जा रहा है कि देर रात कुछ युवक रास्ते में लड़कियों को रोककर बदसलूकी करने लगे। लड़कियों ने शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग निकले। इस घटना ने इलाके में पुलिस गश्त की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत कस्बे में मंगलवार शाम पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। दिल्ली-सहारनपुर रोड स्थित इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें टेंट व्यापारी सोहनलाल और उनके बेटे विकास अग्रवाल की गोली लगने से मौत हो गई। अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के अंधाधुंध गोलियां बरसाईं और मौके से फरार हो गए।
गाजियाबाद के राजेंद्र नगर सेक्टर-2 इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। आरएम ब्लॉक सोसायटी के बाहर बने नए स्पीड ब्रेकर ने एक युवक की जान ले ली। घटना में बाइक सवार राहुल कुमार की मौत हो गई, जो खाना लेने के लिए घर से निकला था।
बरेली के सुभाष नगर इलाके में दबंगों द्वारा एक मकान पर धावा बोलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोग कब्जे की नीयत से घर में घुसे और खिड़की-दरवाजे तक उखाड़ ले गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और इलाके में गुंडों के आतंक को लेकर आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मामले में पहले सुभाष नगर पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन इंस्पेक्टर स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा। अब एसएसपी के आदेश के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में जुट गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इटावा के सैफई मेडिकल कॉलेज से जुड़ी एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक डॉक्टर की हवाई पट्टी के पास स्थित नहर में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसा अचानक हुआ और डॉक्टर को बचाने का मौका नहीं मिल सका। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने के बाद मृतक डॉक्टर के परिजन भी सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बाराबंकी के थाना देवा क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में घायल 6 वर्षीय बच्ची नैना ने इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। इससे पहले दो लोगों की मौत हो चुकी थी। सभी मृतक थाना देवा क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं। हादसा ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से हुआ था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद के विजय नगर क्षेत्र में बाइक टकराने को लेकर हुए विवाद में एक किशोर के सीने में चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और आरोपी युवक ने किशोर पर चाकू से वार कर दिया। घायल किशोर को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।
हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। एक युवक के साथ 69 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई। जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने जैसे ही एक संदिग्ध लिंक ओपन किया, उसका मोबाइल हैक हो गया और उसके बैंक खाते से पैसे निकाल लिए गए। घटना के बाद युवक ने तुरंत पुलिस को शिकायत दी। थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में हुए डबल मर्डर केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। बाप-बेटे की हत्या करने वाला हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी भी इलाज के दौरान मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि उसने सरेआम फायरिंग कर बाप-बेटे को गोली मारी थी, जिसके बाद भीड़ ने उसे पकड़कर पीटा था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी मामले में वरुण के पिता बाबूराम को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की कुर्की के बाद वह देहरादून में छिपकर रह रहा था। घटना के बाद पुलिस ने 10 टीमों को जांच और आरोपियों की तलाश में लगाया है। मामला इलाके में तनाव का कारण बना हुआ है।
हापुड़ जिले के सिम्भावली थाना क्षेत्र के बक्सर गांव में दीपांशु शर्मा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। आरोप है कि कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दीपांशु को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और एक दर्जन से अधिक टांके लगाए गए हैं। परिजन और स्थानीय लोगों के अनुसार दीपांशु की हालत चिंताजनक बनी हुई है। मामले में मुख्य आरोपी समेत कई नामजद आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
राजधानी लखनऊ के हुसैनगंज फ्लाईओवर पर दो कारों के बीच आमने-सामने की टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि रॉन्ग साइड से आ रही एक कार ने सामने से आ रही दूसरी कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए सड़क पर हंगामे की स्थिति बन गई। टक्कर में वाहनों को नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
शाहजहांपुर जिले के खुटार थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के एक आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान आरोपी गुड्डू ने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे जांच जारी है।
लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के आजाद नगर गांव में पत्नी की हत्या के आरोपी 55 वर्षीय जितेंद्र प्रताप सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नशे की हालत में अपनी पत्नी की हत्या की थी, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया था। हिरासत के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सहारनपुर के थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र में परीक्षा दिलाने आए एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतक की पत्नी आकांक्षा ने अपने भाई, पिता, मां, मामा, बहन और जीजा पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Lucknow/New Delhi
Published : 10 June 2026, 8:06 AM IST