हिंदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज (Img: X)
New Delhi: ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित टी20 क्रिकेट लीग बिग बैश लीग (BBL) पहली बार भारत में अपने नए सीजन की शुरुआत करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इस ऐतिहासिक पहल की घोषणा की। इसके तहत BBL के 16वें सीजन का उद्घाटन मुकाबला 12 दिसंबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में मेलबर्न रेनेगेड्स और मौजूदा चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स आमने-सामने होंगे।
यह मुकाबला कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। पहली बार किसी विदेशी फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग का आधिकारिक मैच भारत की धरती पर आयोजित किया जाएगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मानना है कि दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बाजार भारत में मुकाबला आयोजित करने से लीग की लोकप्रियता और दर्शकों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उद्घाटन मुकाबला 12 दिसंबर को चेन्नई के 38 हजार दर्शकों की क्षमता वाले एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में मेलबर्न रेनेगेड्स मेजबान टीम होगी, जबकि सामने होगी पांच बार की चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स। भारत में इस मुकाबले का सीधा प्रसारण जियोस्टार पर किया जाएगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया में इसे चैनल सेवन, 7प्लस, कायो स्पोर्ट्स और फॉक्स क्रिकेट पर देखा जा सकेगा।
यह मुकाबला दिसंबर में भारत में आयोजित होने वाले सप्ताहभर के ऑस्ट्रेलियाई सांस्कृतिक महोत्सव का भी प्रमुख आकर्षण होगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का कहना है कि यह आयोजन केवल खेल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दोनों देशों के सांस्कृतिक और रणनीतिक संबंधों को भी नई मजबूती देगा।
बिग बैश लीग्स के महाप्रबंधक एलिस्टेयर डॉब्सन ने कहा कि भारत में क्रिकेट के प्रति जबरदस्त जुनून है और बिग बैश लीग पहले से ही यहां काफी लोकप्रिय है। उनका मानना है कि भारत में मुकाबला आयोजित होने से लीग की वैश्विक पहुंच और दर्शकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह ऑस्ट्रेलिया की किसी भी घरेलू खेल लीग के इतिहास का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मुकाबला साबित हो सकता है।
भारत में पहली बार किसी विदेशी टी20 लीग का आधिकारिक मैच आयोजित होना क्रिकेट इतिहास का नया अध्याय माना जा रहा है। चेन्नई में होने वाला यह मुकाबला न केवल भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास होगा, बल्कि यह भारत और ऑस्ट्रेलिया के खेल संबंधों को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला कदम साबित हो सकता है।
Location : New Delhi
Published : 10 July 2026, 9:23 AM IST