Asian Games: तीरंदाजी में भारत का डबल धमाका, अब गोल्ड की राह में South Korea; मनु भाकर के इवेंट पर भी नजर

एशियन गेम्स में भारत की तीरंदाजी टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। साहिल जाधव-चिकिता तनीपर्थी और धीरज बोम्मादेवरा-कुमकुम मोहोड की जोड़ियां भी अंतिम चार में पहुंचीं। शूटिंग में मनु भाकर का इवेंट जारी है, जबकि अनाहत सिंह और अभय सिंह फाइनल मुकाबले में उतरेंगे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 September 2026, 10:45 AM IST

New Delhi: एशियन गेम्स में रविवार को भारत के लिए कई अहम मुकाबले जारी हैं। तीरंदाजी में भारत की महिला और पुरुष टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वहीं कंपाउंड मिक्स्ड और रिकर्व मिक्स्ड टीमों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में प्रवेश किया है। दूसरी ओर शूटिंग में मनु भाकर का मुकाबला जारी है, जबकि स्क्वाश में भारत को गोल्ड की उम्मीद है।

तीरंदाजी में भारत की महिला और पुरुष टीम सेमीफाइनल में

भारत की महिला और पुरुष आर्चरी टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब दोनों टीमों का सामना साउथ कोरिया से होगा। सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद भारत की नजरें अब फाइनल में जगह बनाने पर हैं।

साहिल-चिकिता की जोड़ी ने जीता क्वार्टरफाइनल

कंपाउंड मिक्स्ड टीम के क्वार्टरफाइनल में भारत के साहिल जाधव और चिकिता तनीपर्थी ने कजाकिस्तान को 159-154 से हराया। भारतीय जोड़ी ने पूरे मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन किया और जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब 30 सितंबर को सेमीफाइनल में भारत का सामना थाईलैंड से होगा।

धीरज-कुमकुम ने वियतनाम को दी मात

रिकर्व मिक्स्ड टीम के क्वार्टरफाइनल में भारत के धीरज बोम्मादेवरा और कुमकुम मोहोड ने वियतनाम को 6-0 से हराया। इस जीत के साथ भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। दोनों का मिक्स्ड टीम इवेंट रविवार के लिए समाप्त हो गया है।

मनु भाकर के इवेंट पर नजर

गेम्स के 8वें दिन शूटिंग में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल का क्वालिफिकेशन मुकाबला जारी है। इसमें भारत की मनु भाकर, ईशा सिंह और राही सरनोबत हिस्सा ले रही हैं। भारतीय निशानेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है और इस इवेंट के नतीजे पर सभी की नजर बनी हुई है।

अनाहत सिंह के पास गोल्ड जीतने का मौका

स्क्वाश में 18 साल की अनाहत सिंह महिला सिंगल्स के फाइनल में उतरेंगी। उनका मुकाबला दोपहर 1:30 बजे मलेशिया की सिवासंगरी सुब्रमणियम से होगा। भारत को अनाहत से गोल्ड मेडल की उम्मीद है। वहीं अभय सिंह पुरुष सिंगल्स के फाइनल में दोपहर 12:30 बजे एनग एइन यो के खिलाफ खेलेंगे।

33 गोल्ड मेडल दांव पर

एशियन गेम्स के 8वें दिन कुल 33 गोल्ड मेडल के लिए मुकाबले होंगे। भारत की नजरें तीरंदाजी, शूटिंग और स्क्वाश समेत कई खेलों पर रहेंगी। इसके अलावा मंजू रानी महिलाओं की मैराथन वॉक रेस में छठे स्थान पर रहीं, जबकि प्रियंका को डिस्क्वालिफाई कर दिया गया।

Location :  New Delhi

Published :  27 September 2026, 10:45 AM IST