85 टेस्ट, 5077 रन और ऐतिहासिक गाबा जीत: दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट से लिया संन्यास

दिग्गज भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का किया ऐलान। BGT 2020-21 के नायक और 85 टेस्ट में 5077 रन बनाने वाले 'कैप 278' ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर कर फैंस को कहा शुक्रिया।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 30 July 2026, 11:17 AM IST

New Delhi: बिना किसी शोर-शराबे और तमाशे के, ठीक उसी शालीनता से जैसे वे मैदान पर अपनी बल्लेबाजी का जौहर दिखाते थे, अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास का ऐलान कर दिया।

सोशल मीडिया पर 'कैप 278 साइनिंग ऑफ' लिखकर रहाणे ने न केवल 17 साल लंबे अपने शानदार सफर पर विराम लगाया, बल्कि करोड़ों फैंस की आंखों में वो यादें ताजा कर दीं जब भारतीय टीम संकट में होती थी और रहाणे ढाल बनकर खड़े हो जाते थे।

मेलबर्न से गाबा तक: जब रहाणे के सिपाहियों ने रचा इतिहास

अजिंक्य रहाणे को उनके 8,414 अंतरराष्ट्रीय रनों के आंकड़ों से ज्यादा उनकी निर्भीक कप्तानी और जुझारूपन के लिए याद किया जाएगा। 2020-21 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में जब एडिलेड में टीम इंडिया 36 रन पर सिमट गई थी, तब रहाणे ने ही बिखरी हुई टीम को समेटा था।

RCB ने रचा इतिहास! बनी दुनिया की पहली $300 मिलियन ब्रांड वैल्यू वाली क्रिकेट टीम, जानें कैसे हुआ कमाल

मेलबर्न के मैदान पर शतक जड़कर सीरीज में भारत की वापसी कराने से लेकर गाबा का घमंड तोड़ने तक अजिंक्य रहाणे की कप्तानी का रिकॉर्ड बेहद बेमिसाल रहा, जिसमें भारत ने उनके नेतृत्व में खेले 6 टेस्ट में से एक भी नहीं गंवाया (4 जीत, 2 ड्रॉ)।

मुश्किल परिस्थितियों के बने बादशाह

रहाणे भारतीय क्रिकेट के उन विरले मध्यक्रम के बल्लेबाजों में शामिल थे, जिनका विदेशी सरजमीं (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) पर रिकॉर्ड घरेलू मैदानों से भी शानदार रहा।

लॉर्ड्स की चुनौतीपूर्ण पिच पर उनका ऐतिहासिक शतक हो या मेलबर्न और डरबन में लड़ी गई खूंखार पारियांरहाणे ने साबित किया कि कठिन वक्त में ही असली हीरो निखरता है। 85 टेस्ट मैचों में 5,077 रन, 12 शतक और 26 अर्धशतक उनके इस बेजोड़ सफर की गवाही देते हैं।

फॉर्म में आने के लिए 1-2 मैच का मौका नहीं मिलेगा, रोहित-कोहली को पूर्व क्रिकेटर की कड़क चेतावनी

3 साल का इंतजार और सही समय पर अलविदा कहने का हुनर

जुलाई 2023 में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेलने के बाद रहाणे लगातार टीम में वापसी की राह तक रहे थे। हालांकि, नए दौर के खिलाड़ियों के आने के साथ ही जब दरवाजे बंद दिखे, तो रहाणे ने एक सच्चे खिलाड़ी की तरह सही वक्त पर आगे बढ़ने का फैसला किया। 90 वनडे में 2,962 रन और 20 टी20 मैचों में 375 रन बनाने वाले इस दिग्गज का यह फैसला भले ही एक युग का अंत हो, लेकिन 'कैप नंबर 278' का शौर्य हमेशा याद रखा जाएगा।

Location :  New Delhi

Published :  30 July 2026, 11:16 AM IST