जयपुर: गर्भवती महिला से सरेआम छेड़छाड़, वीडियो वायरल, आरोपी फरार, दो पुलिसकर्मी सस्पेंड

जयपुर के मालवीय नगर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और SIT गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। लापरवाही पर दो पुलिसकर्मी सस्पेंड किए गए।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 15 April 2026, 3:32 PM IST

Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में गर्भवती महिला के साथ बीच सड़क पर हुई छेड़छाड़ ने शहर को झकझोर कर रख दिया। यह मामला मालवीय नगर इलाके का है, जहां एक युवक ने महिला को पीछे से पकड़कर गलत हरकत की और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया है।

सरेआम हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, यह घटना 25 मार्च की बताई जा रही है। महिला सड़क पर जा रही थी, तभी आरोपी ने पीछे से आकर उसे पकड़ लिया। अचानक हुई इस हरकत से महिला घबरा गई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला।

वीडियो वायरल होने पर बढ़ा दबाव

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया। वीडियो में आरोपी की हरकत साफ नजर आ रही है। मामला सामने आते ही पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी।

आरोपी की पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड

जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल गुर्जर मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के सरसपुरा गांव बिजौली का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहले से ही लूट, डकैती और मारपीट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड के आधार पर भी जांच कर रही है।

राजस्थान तक पहुंचा मजदूरों का आक्रोश, भिवाड़ी में श्रमिक बवाल, भारी पुलिस बल तैनात

SIT की टीम ग्वालियर रवाना

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जयपुर पुलिस ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया है। टीम ग्वालियर पहुंच चुकी है और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस की लापरवाही आई सामने

इस मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही भी उजागर हुई है। आरोप है कि आरोपी को पहले पकड़ने के बावजूद उसे बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया था। इस गंभीर चूक के चलते विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं।

दो पुलिसकर्मी सस्पेंड

लापरवाही के आरोप में जवाहर सर्किल थाने के एएसआई महेश चंद्र और हेड कांस्टेबल अंगदराम मीणा को सस्पेंड कर दिया गया है। विभागीय कार्रवाई के तहत आगे की जांच भी जारी है।

विवाद में घिरी राजस्थान रॉयल्स, ललित मोदी ने उठाए गंभीर सवाल; जानिये क्या है मामला

FIR दर्ज, सख्त कार्रवाई की तैयारी

गर्भवती महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Location :  Jaipur

Published :  15 April 2026, 3:32 PM IST