‘आपकी बेटी भाग गई.’: इस छोटी-सी चीज के न मिलने पर रोहतक में विवाहिता की हत्या, पानी की टंकी में सड़ता रहा शव

रोहतक में शादी के 8 महीने बाद दहेज के लिए विवाहिता चेतना की हत्या। ससुराल वालों ने गुमराह करने के लिए फैलाई 'लापता' होने की झूठी कहानी। पुलिस ने पानी की टंकी से बरामद किया शव। पति, सास और ससुर पर दहेज हत्या का केस दर्ज।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 18 August 2026, 10:00 AM IST

Rohtak: हरियाणा के रोहतक से दहेज उत्पीड़न और हत्या की एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर दिया है। झज्जर के माछरौली निवासी वीरेंद्र ने अपनी बेटी चेतना की शादी दिसंबर 2025 में रोहतक की नेहरू कॉलोनी के मनीष से की थी।

हैसियत से ज्यादा दान-दहेज देने के बावजूद ससुराल वालों की लालच की भूख खत्म नहीं हुई। शादी के कुछ ही दिनों बाद पति मनीष, ससुर राजेंद्र और सास शीला देवी ने कार की मांग को लेकर चेतना के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी।

पिता के लौटते ही रचा गया साजिश का खेल

दहेज के इस क्लेश को सुलझाने के लिए 14 और 15 अगस्त को लगातार पंचायतों और आपसी बातचीत का दौर चला। 15 अगस्त को खुद पिता वीरेंद्र बेटी के घर पहुंचे और उसे अपने साथ ले जाना चाहा, लेकिन दबंग ससुराल वालों ने गाली-गलौज करते हुए लड़की को साथ भेजने से साफ इनकार कर दिया।

DN Exclusive: हरियाणा के ‘फाइनेंसर’ हरिद्वार से दिल्ली लेकर पहुंचे 8 लाख की कांवड़, 30 साल से डीग गांव वाले ला रहे ये अनोखी कांवड़

इसके बाद 16 अगस्त को परिजनों के पास फोन आया कि "आपकी बेटी घर से कहीं चली गई है।" यह फोन कोई सूचना नहीं, बल्कि कत्ल को छुपाने की एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा था।

पानी की टंकी में मिला शव, बेनकाब हुआ ससुराल का सच

सूचना मिलते ही परिजन रोहतक पहुंचे और पुलिस (Dial 112) को सूचना दी। ससुराल वाले लगातार पुलिस और परिजनों को रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर ढूंढने का झांसा देकर गुमराह करते रहे। हालांकि, जब जांच टीम ने घर की तलाशी ली, तो छत पर रखी पानी की टंकी से चेतना की लाश बरामद हुई।

एफएसएल (FSL) टीम की डॉ. सरोज दहिया मलिक ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Location :  Rohtak

Published :  18 August 2026, 9:52 AM IST