हिंदी
नीलोखेड़ी गोलीकांड (Img- Internet)
Nilokheri: हरियाणा के नीलोखेड़ी में हुआ खूनी खेल महज़ एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि डेढ़ साल पहले पुलिस की मौजूदगी में कराए गए एक समझौते की विफलता का जीता-जागता सबूत है। पोल्ट्री क्षेत्र में एक मनचले ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में लड़की की मां, भाई और चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
देखा जाए तो यह घटना साफ करती है कि महिलाओं से छेड़छाड़ जैसे संवेदनशील मामलों में कानूनी कार्रवाई के बजाय कराए जाने वाले 'राजीनामे' अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद कर देते हैं।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, मुख्य आरोपी योगेश ने करीब डेढ़ साल पहले उनकी बेटी के साथ सरेआम छेड़छाड़ की थी। उस वक्त परिवार ने न्याय की उम्मीद में नीलोखेड़ी चौकी पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय दोनों पक्षों में समझौता कराकर फाइल बंद कर दी। यही समझौता आरोपी के लिए ढाल बन गया और वह लगातार रंजिश पाले रहा। पिछले कई दिनों से योगेश पीड़िता के घर के बाहर संदिग्ध रूप से चक्कर काट रहा था और लड़की को सरेआम उठा ले जाने की धमकियां दे रहा था।
रविवार को जब आरोपी दोबारा घर के बाहर मंडरा रहा था, तो परिवार ने उसे वहां रुकने और चक्कर काटने से मना किया। इस बात पर आरोपी ने गाली-गलौज और बहस शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि शाम को योगेश अपने दो हथियारबंद साथियों के साथ वापस लौटा और घर के सामने खड़े परिवार पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने कालोनी के बीचो-बीच चार से पांच राउंड फायर किए, जिससे पूरी बस्ती में चीख-पुकार मच गई।
इस अचानक हुए हमले में गोली लगने से लड़की की माँ के पेट में, भाई की बाजू पर और चचेरे भाई की टांग पर गंभीर चोटें आईं। तीनों को तुरंत खून से लथपथ हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। गोलियों की आवाज से पूरी कालोनी में दहशत का माहौल बन गया है और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं।
हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: अफसरों के विदेशी दौरों पर लगाई रोक, जानें इसके पीछे की वजह
वारदात की सूचना मिलते ही नीलोखेड़ी चौकी, बुटाना थाना पुलिस समेत सीआईए (CIA) की स्पेशल टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए हैं। हालांकि, वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी योगेश और उसके दोनों साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस अब पुराने रिकॉर्ड्स खंगालने के साथ-साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
Location : Nilokheri
Published : 22 June 2026, 11:08 AM IST