Gurgaon Suicide Case: बहन को भेजी नीले निशानों वाली तस्वीरें और फिर खामोश हो गई जागृति, CA पति अब सलाखों के पीछे

Gurgaon Suicide Case: गुरुग्राम की आदित्य बिड़ला कंपनी में तैनात 33 वर्षीय जागृति बारी ने ऑफिस की 5वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। 12 लाख के पैकेज पर काम करने वाली जागृति पति की प्रताड़ना और आर्थिक शोषण से परेशान थी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 May 2026, 3:28 PM IST

Gurugram: आधुनिक भारत के ऊंचे-ऊंचे कॉर्पोरेट दफ्तर, लाखों के आकर्षक सैलरी पैकेज और एक सफल करियर की चमक अक्सर घर के भीतर के अंधेरों को ढक लेती है। गुरुग्राम के सेक्टर-51 से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने इसी कड़वे सच को उजागर किया है।

आदित्य बिड़ला कंपनी में सीनियर अकाउंट एग्जीक्यूटिव के पद पर तैनात 33 वर्षीय जागृति बारी ने ऑफिस की पांचवीं मंजिल से कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बाहर से देखने वालों के लिए जागृति एक सफल महिला थी, लेकिन अंदर ही अंदर वह एक ऐसे मानसिक और शारीरिक टॉर्चर से गुजर रही थी जिसका अंत मौत के रूप में हुआ।

सपनों की लव मैरिज और कड़वा हकीकत

मूल रूप से देहरादून की रहने वाली जागृति एक बेहद काबिल प्रोफेशनल थी। नवंबर 2023 में उसने मेरठ के रहने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) अमित सिंघल से प्रेम विवाह किया था। शादी के वक्त जागृति ने बड़े अरमान संजोए थे कि प्रेम का यह बंधन उसके जीवन को खुशियों से भर देगा। मगर, शादी के महज कुछ ही महीनों बाद ही यह रिश्ता उसके लिए काल बन गया। जिस पति के साथ उसने सात जन्मों का वादा किया था, वही उसकी प्रताड़ना का मुख्य सूत्रधार बन गया।

सैलरी की छीना-झपटी और शारीरिक प्रताड़ना

जागृति सालाना 12 लाख रुपये के पैकेज पर काम कर रही थी। वह हर रोज मेरठ से गुरुग्राम का लंबा और थकान भरा सफर तय कर ऑफिस आती थी। लेकिन यह थकान सिर्फ सफर की नहीं थी, बल्कि उन जख्मों की भी थी जो उसे हर दिन ससुराल में मिल रहे थे। जागृति के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसका पति अमित उसकी पूरी सैलरी छीन लेता था। इतनी मोटी कमाई के बावजूद जागृति के पास अपने निजी खर्चों के लिए भी पैसे नहीं छोड़े जाते थे।

गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली वारदात: एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, पुलिस जांच में जुटी

परिजनों का कहना है कि ससुराल में उसके साथ मारपीट और अपमान करना अमित की दिनचर्या बन चुका था। जागृति ने कई बार अपनी बहन को व्हाट्सएप पर अपने शरीर पर पड़े नीले निशानों की तस्वीरें भेजी थीं, जो उसकी खामोश चीखें बयां कर रही थीं।

मानसिक रूप से टूट गई थी प्रोफेशनल जागृति

मृतका के भाई हार्दिक बारी के अनुसार ससुराल वालों की लगातार बढ़ती मांग और प्रताड़ना ने जागृति को इस कदर मानसिक रूप से तोड़ दिया था कि उसे मौत ही एकमात्र रास्ता नजर आया। जिस घर को वह अपना मानती थी, वह उसके लिए 'टॉर्चर रूम' बन चुका था। शुक्रवार को जब वह ऑफिस पहुँची, तो उसी मानसिक तनाव के कारण उसने पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन उसकी खामोशी बहुत कुछ कह रही थी।

गुरुग्राम से उठी चिंगारी… नोएडा में गोलीकांड, अब बुलंदशहर तक भड़की आग; जानें नोएडा मजदूर आंदोलन की पूरी टाइमलाइन

पुलिस कार्रवाई और आरोपी पति की गिरफ्तारी

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मायके वालों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति अमित सिंघल और ससुराल पक्ष के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है। यह मामला एक बार फिर समाज के सामने सवाल खड़ा करता है कि क्या आर्थिक रूप से स्वतंत्र होना ही महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी है?

Location :  Gurugram

Published :  15 May 2026, 3:28 PM IST