चार राज्यों की विधान परिषद की 28 सीटों पर चुनाव, जानिए पूरा शेड्यूल और किन सदस्यों का खत्म हो रहा कार्यकाल

चार राज्यों की विधान परिषदों की 28 सीटों पर होने वाले चुनाव का कार्यक्रम जारी हो गया है। बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 September 2026, 12:21 PM IST

New Delhi: बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की विधान परिषदों के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम सामने आ गया है। निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के मुताबिक इन चुनावों के लिए मतदान 23 अक्टूबर 2026 को होगा। चुनाव की तारीख सामने आते ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में राजनीतिक और चुनावी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। इन चारों राज्यों में मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने के कारण कुल 28 सीटों पर चुनाव कराया जाएगा।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक बिहार विधान परिषद के 8 सदस्य, कर्नाटक के 4 सदस्य, महाराष्ट्र के 5 सदस्य और उत्तर प्रदेश के 11 सदस्य रिटायर हो रहे हैं। इनमें स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। आयोग के अनुसार इन निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएगी।

बिहार में 8 सीटों पर बदलेगा समीकरण

बिहार में कुल आठ सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इनमें पटना ग्रेजुएट्स से नीरज कुमार, दरभंगा ग्रेजुएट्स से सर्वेश कुमार, तिरहुत ग्रेजुएट्स से बंसी धर ब्रजवासी और कोसी ग्रेजुएट्स से डॉ. एन.के. यादव शामिल हैं।

वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना से नवल किशोर यादव, दरभंगा से डॉ. मदन मोहन झा, तिरहुत से संजय कुमार सिंह और सारण से अफाक अहमद का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

ये भी पढ़ें- बार काउंसिल सिर्फ पुरुषों का क्लब बनकर रह गई, सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी के साथ 30% महिला आरक्षण पर सुनवाई तेज

कर्नाटक की चार सीटों पर भी चुनाव

कर्नाटक में चार सदस्यों का कार्यकाल 11 नवंबर 2026 को समाप्त होगा। कर्नाटक साउथ-ईस्ट ग्रेजुएट्स से चिदानंद एम. गौड़ा (Presidency) और कर्नाटक वेस्ट ग्रेजुएट्स से एस.वी. संकनूर का नाम शामिल है।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कर्नाटक नॉर्थ-ईस्ट टीचर्स से शशिल जी. नामोशी और बेंगलुरु टीचर्स से श्री पुट्टन्ना का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

महाराष्ट्र में 5 सीटों पर मतदान

महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के लिए भी चुनाव होगा। इन सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को खत्म हो रहा है। औरंगाबाद डिवीजन ग्रेजुएट्स से चव्हाण सतीश भानुदासराव, पुणे डिवीजन ग्रेजुएट्स से अरुण गणपति लाड और नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स से अभिजीत गोविंदराव वांजरी का नाम सूची में है।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में अमरावती डिवीजन टीचर्स से सरनाइक किरण रामराव और पुणे डिवीजन टीचर्स से जयंत दिनकर आसगांवकर का कार्यकाल समाप्त होगा।

उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 11 सीटें

उत्तर प्रदेश में इस चुनाव में सबसे ज्यादा 11 सीटों पर मुकाबला होगा। यहां भी सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ से इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, वाराणसी से आशुतोष सिन्हा, आगरा से डॉ. मनवेंद्र प्रताप सिंह 'गुरु जी', मेरठ से दिनेश कुमार गोयल और इलाहाबाद-झांसी से डॉ. मान सिंह यादव शामिल हैं।

टीचर्स निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ से उमेश द्विवेदी, वाराणसी से लाल बिहारी यादव, आगरा से डॉ. आकाश अग्रवाल (वित्तविहीन वाले), मेरठ से श्रीचंद शर्मा, बरेली-मुरादाबाद से हरि सिंह धिल्लो और गोरखपुर-फैजाबाद टीचर्स से ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल समाप्त होगा।

ये भी पढ़ें- यूपी की सबसे बड़ी खबर: राज्यसभा चुनाव की तारीख तय, जानिए किसके खाते में जाएंगी 10 सीटें

29 सितंबर से शुरू होगी चुनावी प्रक्रिया

आयोग के कार्यक्रम के अनुसार चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 23 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को की जाएगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक समाप्त हो जाएगी।

स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदाता पंजीकरण की अलग पात्रताएं होती हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र के लिए निर्धारित योग्यता पूरी करना जरूरी है, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए निर्धारित शिक्षण अनुभव की शर्त लागू होती है। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

Location :  New Delhi

Published :  22 September 2026, 12:21 PM IST