UP Election 2027: चुनाव आयोग ने तेज की तैयारी, दिसंबर के बाद हो सकता है तारीखों का ऐलान ?

चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब समेत पांच राज्यों में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। अधिकारियों की टीमें राज्यों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं। आयोग का दौरा 15 दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है। इस बीच चुनाव में इस्तेमाल होने वाली EVM और VVPAT मशीनों की तकनीकी जांच भी शुरू हो गई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 13 October 2026, 11:04 PM IST
google-preferred

New Delhi: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब समेत पांच राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वर्ष 2027 की शुरुआत में होने वाले इन चुनावों के लिए आयोग की टीमें राज्यों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं। अधिकारियों के स्तर पर तैयारियों की समीक्षा के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्त भी राज्यों का दौरा करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया के 15 दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है। इसके बाद चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कभी भी की जा सकती है।

राज्यों में चुनावी तैयारियों की समीक्षा शुरू

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर विपक्षी दल चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, आयोग आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटा है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, पांचों राज्यों में चुनावी तैयारियों की शुरुआती समीक्षा 15 नवंबर तक पूरी करने की योजना है।

उत्तराखंड में अधिकारियों की पहली टीम भेजी जा चुकी है। उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी चार राज्यों में अधिकारियों का दौरा अक्टूबर में ही पूरा किए जाने की योजना है। उत्तर प्रदेश में टीमें नवंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में पहुंच सकती हैं। इन दौरों के दौरान चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं, प्रशासनिक तैयारियों और जरूरी संसाधनों की स्थिति का आकलन किया जाएगा।

10-10 हजार के हिस्सेदार: कानपुर देहात में पशु चोरी का खुलासा, बचे हुए 20 हजार के साथ दो शातिर गिरफ्तार

15 दिसंबर के बाद चुनाव कार्यक्रम की घोषणा संभव

अधिकारियों की समीक्षा पूरी होने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों के नेतृत्व में आयोग की टीम पांचों राज्यों का दौरा करेगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, यह दौरा भी 15 दिसंबर तक पूरा हो सकता है। इसके बाद विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कभी भी किया जा सकता है।

पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान इन पांचों राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 8 जनवरी 2022 को की गई थी। हालांकि, आगामी चुनावों की आधिकारिक तारीखों को लेकर अंतिम फैसला चुनाव आयोग ही करेगा। फिलहाल तैयारियों की समीक्षा और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की प्रक्रिया जारी है।

EVM और VVPAT की तकनीकी जांच शुरू

चुनावी तैयारियों के तहत पांचों राज्यों में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) की पहले चरण की जांच यानी फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) भी शुरू कर दी गई है। यह प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में होती है। इसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के अधिकृत इंजीनियर मशीनों की तकनीकी जांच करते हैं।

Video Story: लखनऊ में हेरोइन के अवैध कारोबार पर कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

जांच से पहले राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूचना दी जाती है। उनकी मौजूदगी में ही वेयरहाउस खोला जाता है और पहचान पत्र के आधार पर इंजीनियरों को प्रवेश दिया जाता है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाते हैं और पूरी प्रक्रिया की CCTV रिकॉर्डिंग होती है।

इंजीनियर कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट और VVPAT की बारीकी से जांच करते हैं। मशीनों की सफाई के साथ पुरानी बैटरियों को बदलकर नई मूल बैटरियां लगाई जाती हैं। इसके बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रत्येक मशीन पर मॉक पोल कराया जाता है। सही काम करने वाली मशीनों पर ग्रीन स्लिप लगाकर उन्हें सुरक्षित स्ट्रॉन्ग रूम में स्थानांतरित किया जाता है।

Location :  New Delhi

Published :  13 October 2026, 11:04 PM IST

Advertisement