
आजाद समाज पार्टी ने की प्रभारियों की घोषणा (सोर्स-एक्स)
Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए तेज हो रही सरगर्मियों के बीच आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) ने राज्य की कई सीटों पर अपने प्रभारियों की घोषणा कर दी है। इनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत राज्य की कई महत्वपूर्ण सीटें शामिल हैं।
आजाद समाज पार्टी ने शुक्रवार को राज्य की 45 प्रभारियों को घोषणा की है। इन सीटों में वेस्टर्न यूपी की मेरठ की तीन विधानसभा सीटें, शामली, हापुड़, अलीगढ़, फिरोजाबाद, अलीगढ़, आगरा, मथुरा समेत लखनऊ, सीतापुर समेत कुल 45 सीटों पर प्रभारियों की घोषणा की है।
चंद्रशेखर का बड़ा चुनावी दांव! 45 प्रभारियों की लिस्ट जारी, सवर्ण चेहरों को नहीं मिली जगह#AzadSamajParty #ChandrashekharAzad #UPElections2027 #UttarPradesh #Politics #UPPolitics #BreakingNews #Election2027 #PoliticalNews #DynamiteNews @BhimArmyChief pic.twitter.com/eAwbdROCPj
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 31, 2026
पार्टी द्वारा जारी की गई इस पहली सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक के कई अहम जिलों को शामिल किया गया है। इनमें-
पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश: शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़, आगरा, बरेली, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ और कानपुर नगर।
बुंदेलखंड और पूर्वांचल: झांसी, अयोध्या, गोरखपुर, देवरिया, जौनपुर, गाजीपुर और वाराणसी।
राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जाने वाली लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से पार्टी ने अनिकेत धानुक को प्रभारी नियुक्त किया है।
आजाद समाज पार्टी ने इस पहली सूची के जरिए अपने सामाजिक समीकरण को बेहद सावधानी से साधने की कोशिश की है। पार्टी ने अनुसूचित जाति (SC), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), मुस्लिम और सिख समुदाय से ताल्लुक रखने वाले नेताओं को मैदान में उतारा है। पार्टी का दावा है कि इस सूची के माध्यम से उपेक्षित बहुजन समाज के हर वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में व्यापक सामाजिक भागीदारी और एकजुटता सुनिश्चित की जा सके।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव से काफी पहले इतनी बड़ी संख्या में प्रभारियों की घोषणा करना पार्टी की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। इसके जरिए आजाद समाज पार्टी चुनाव से पहले अपने संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत करने के एजेंडे पर काम कर रही है।
पार्टी सूत्रों के हवाले से यह भी साफ किया गया है कि यह केवल पहली सूची है। आने वाले दिनों में अन्य विधानसभा सीटों के लिए भी संभावित प्रत्याशियों और प्रभारियों के नामों का ऐलान किया जाएगा, जिससे पार्टी के चुनाव प्रचार को और गति मिल सके।
Location : Lucknow
Published : 31 July 2026, 1:05 PM IST