सपा विधायक बृजेश कठेरिया का भाजपा पर वार, बोले- जनता समझदार है, अब भ्रम में नहीं आएगी

मैनपुरी के किशनी विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक बृजेश कठेरिया ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कई बड़े बयान दिए। उन्होंने SIR व्यवस्था, मुख्यमंत्री के विवादित बयान और बिहार चुनाव को लेकर भाजपा पर जमकर हमला बोला।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 4 November 2025, 7:41 PM IST
google-preferred

Mainpuri: मैनपुरी जनपद के किशनी विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी विधायक बृजेश कठेरिया ने सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों और बिहार चुनाव को लेकर कई तीखे बयान दिए। विधायक ने कहा कि भाजपा हर चुनाव में जनता को भ्रमित करने के नए-नए तरीके अपनाती है, लेकिन अब जनता सजग है और इनकी रणनीतियों को भली-भांति समझ चुकी है।

SIR व्यवस्था पर बोले सपा विधायक

12 राज्यों में लागू की जा रही SIR व्यवस्था को लेकर विधायक बृजेश कठेरिया ने केंद्र सरकार और भाजपा पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि “SIR का पूरे विपक्ष ने विरोध किया, फिर भी भाजपा सरकार इसे लागू कर रही है। ये हर बार नया तरीका निकालते हैं ताकि जनता को भ्रमित किया जा सके और सत्ता पर काबिज रह सकें।” सपा विधायक ने कहा कि मैं भाजपा से कहना चाहता हूं- तुम डाल डाल, मैं पात पात। जितना खेल खेलोगे, जनता तुम्हारे हर कदम को देख रही है। तुमने जनता को छलने का काम किया है, लेकिन अब जनता समझदार है। वह तुम्हारे झूठे वादों में नहीं आने वाली।

कानपुर से मैनपुरी तक रिश्वत का खेल? 100 करोड़ की संपत्ति ने उड़ा दिए विजिलेंस के होश; पढ़ें बड़ा खुलासा

मुख्यमंत्री के “अप्पू-टप्पू-पप्पू” बयान पर पलटवार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया “अप्पू-टप्पू-पप्पू” वाले बयान पर भी विधायक कठेरिया ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद से लेकर अब तक सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सैद्धांतिक विरोध होता रहा है, लेकिन आज की राजनीति में मर्यादा और शब्दों की शालीनता लुप्त होती जा रही है। सपा विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने पद की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए। यह शब्द उनके पद की मर्यादा के अनुरूप नहीं हैं। जिस पद पर आप हैं, उस पद का सम्मान जरूरी है। यह बयान न केवल अशोभनीय है, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ भी है।

“तेजस्वी यादव बनने जा रहे हैं मुख्यमंत्री”

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भी विधायक बृजेश कठेरिया ने भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियों की जमीन खिसक चुकी है और जनता अब बदलाव के मूड में है। सपा विधायक ने कहा कि बिहार में अब खेला हो गया है। 6 तारीख को मतदान के बाद 14 तारीख को जब परिणाम आएंगे तो देख लेना, बिहार की जनता भाजपा की जुमलेबाजी और झूठे वादों से तंग आ चुकी है। वहां तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।

मैनपुरी पहुंची डिंपल यादव: पूर्व आर्मी कैप्टन के घर पहुंची सपा सांसद, परिजनों से की मुलाकात

“जनता भाजपा से ऊब चुकी है”

विधायक बृजेश कठेरिया ने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों से पूरी तरह निराश है। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्या और कानून-व्यवस्था की बदहाली से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ मुद्दों से भटकाने की राजनीति करती है- कभी धर्म, कभी जाति और कभी नारेबाजी के जरिए जनता को बहकाती है। विधायक ने कहा कि लेकिन अब जनता भाजपा के हर खेल को समझ चुकी है। आने वाले चुनाव में लोग भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे।

विपक्ष की भूमिका पर दिया जोर

सपा विधायक ने विपक्ष की भूमिका को लोकतंत्र का मूल आधार बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सरकार की गलत नीतियों की पोल खोलना और जनता के हित में आवाज उठाना है। समाजवादी पार्टी यही कर रही है- सच्चाई के साथ, जनता की आवाज बनकर। विधायक ने कहा कि सपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सरकार की नीतियों का सच जनता के सामने रख रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी दोबारा सत्ता में वापसी करेगी।

Location : 
  • Mainpuri

Published : 
  • 4 November 2025, 7:41 PM IST