
राजस्थान निकाय चुनाव परिणाम
Jaipur: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के बाद सोमवार को मेयर, सभापति और अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने बढ़त दर्ज की। अजमेर, अलवर, उदयपुर और पाली नगर निगम में भाजपा उम्मीदवारों ने जीत हासिल की, जबकि बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस ने अपना मेयर बनाया।
भरतपुर और भीलवाड़ा में भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। वहीं जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम समेत कुछ निकायों में दोबारा मतदान के कारण अध्यक्ष पद के चुनाव 25 सितंबर को होंगे।
सोनभद्र DM चर्चित गौड़ ने खुद उठाया झाड़ू, 45 मिनट में मंदिर परिसर से निकला 1 टन प्लास्टिक कचरा
अजमेर नगर निगम चुनाव में सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला। यहां कांग्रेस 37 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी थी, लेकिन बहुमत हासिल नहीं कर सकी। वहीं भाजपा ने 32 सीटें जीतने के बाद निर्दलीय पार्षदों के समर्थन और राजनीतिक समीकरणों के जरिए अपना आंकड़ा मजबूत किया। भाजपा प्रत्याशी अनामिका शर्मा को 43 वोट मिले और उन्होंने कांग्रेस की किरण गढ़वाल को 6 वोटों से हराकर मेयर पद पर कब्जा किया।
रामगोपाल यादव का बड़ा बयान, कहा- निष्पक्ष चुनाव हुए तो 2027 में भाजपा को 50 सीटें भी नहीं मिलेंगी
अलवर नगर निगम में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। भाजपा ने 28 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को 23 सीटें मिलीं। इसके अलावा 13 निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। बहुमत के लिए जरूरी संख्या जुटाने में निर्दलीय पार्षद अहम साबित हुए। भाजपा प्रत्याशी सुमनलता अग्रवाल ने 42 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार कामेश शर्मा को 23 वोट मिले।
पाली नगर निगम में कांग्रेस 29 सीटों के साथ बहुमत के करीब थी, जबकि भाजपा के खाते में 21 सीटें आई थीं। इसके बावजूद भाजपा ने कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों का फायदा उठाते हुए बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया। भाजपा प्रत्याशी नमिता बुबकिया ने 33 वोट हासिल कर मेयर पद पर जीत दर्ज की।
उदयपुर नगर निगम में भाजपा ने पहले ही मजबूत स्थिति बना ली थी। 80 वार्डों वाले निगम में भाजपा ने 53 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। भाजपा प्रत्याशी पारस सिंघवी ने मेयर पद पर आसानी से जीत दर्ज की।
बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस ने वापसी करते हुए मेयर पद हासिल किया। 80 वार्डों में कांग्रेस ने 42 सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा पार किया था। कांग्रेस उम्मीदवार अनिल कल्ला को 50 वोट मिले और वह बीकानेर के नए मेयर चुने गए।
Location : jaipur
Published : 21 September 2026, 6:04 PM IST