हिंदी
पीएम मोदी केबिनेट बैठक
New Delhi: प्रधानमंत्री Narendra Modi ने केंद्र में अपने 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश की जनता और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी सहयोगी दलों का आभार व्यक्त किया। एनडीए नेताओं की बैठक में उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे गठबंधन और उसके कार्यकर्ताओं की सामूहिक सफलता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की जनता ने हमेशा परिपक्वता का परिचय दिया है और राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक स्थिरता के महत्व को समझा है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश ने लंबे समय तक राजनीतिक अस्थिरता और उथल-पुथल का दौर देखा, जिसका नुकसान देश को उठाना पड़ा। लेकिन अब जनता एक स्थिर और निर्णायक सरकार के कार्यों को देख रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 में एनडीए की जीत के साथ देश में नई आशा का उदय हुआ था। लोगों ने पूर्ववर्ती सरकारों से निराश होकर अपना विश्वास एनडीए को सौंपा था। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में सरकार ने उस भरोसे को और मजबूत करने का काम किया है।
प्रधानमंत्री ने दावा किया कि एनडीए सरकार के 12 वर्षों के दौरान 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उनके अनुसार, यह उपलब्धि सरकार की नीतियों और विकास केंद्रित दृष्टिकोण की सफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सही नीयत और प्रभावी नीतियों के साथ तेज विकास संभव है।
पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग गरीबी से निकलकर 'नियो मिडिल क्लास' का हिस्सा बने हैं, उन्हें फिर से पीछे नहीं जाने देना सरकार की जिम्मेदारी है। इसके लिए सरकार को लगातार मेहनत करनी होगी और विकास की गति बनाए रखनी होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करना सरकार का दायित्व है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, किसानों और मध्यम वर्ग की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
Location : New Delhi
Published : 10 June 2026, 9:54 PM IST
Topics : Modi Government Achievement Narendra Modi 12 Years Government Narendra Modi Speech NDA Government 12 Years PM Modi NDA Meeting
No related posts found.