“मूंछों पर ताव और कानून ताक पर?” CO के तेवर पर अखिलेश यादव का तीखा वार, बोले- “जनता सब देख रही है”

ट्रक कंडक्टर की हत्या के बाद पोस्टमार्टम हाउस में हुआ विवाद अब राजनीतिक मुद्दा बन गया है। वायरल वीडियो में सीओ सिटी मूंछों पर ताव देते और वीडियो अखिलेश यादव को भेजने की बात कहते नजर आ रहे हैं। जानिए आखिर पूरा मामला क्या है?

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 3 September 2026, 2:49 PM IST
google-preferred

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह पोस्टमार्टम हाउस में कुछ लोगों से बातचीत के दौरान नाराज नजर आ रहे हैं। इसी दौरान वीडियो बनाए जाने को लेकर उनकी बहस होती है और वह कथित तौर पर मूंछों पर ताव देते हुए वीडियो को सपा प्रमुख अखिलेश यादव तक भेजने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

ट्रक कंडक्टर की हत्या के बाद पोस्टमार्टम हाउस में हुआ विवाद

मामला एलाऊ थाना क्षेत्र के संतोष नगर गांव के पास का है। यहां शराब के ठेके के सामने एक ट्रक परिचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना में ट्रक चालक भी घायल हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। इसी दौरान पोस्टमार्टम हाउस में सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह परिजनों और वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर रहे थे।

वीडियो बनाने पर नाराज हुए सीओ

बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान कुछ लोग मोबाइल से सीओ का वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। इसी को लेकर सीओ और वहां मौजूद लोगों के बीच कहासुनी की स्थिति बन गई। वायरल वीडियो में सीओ अपनी नेम प्लेट दिखाते हुए नजर आते हैं। इसके बाद वह मूंछों पर ताव देते हुए वीडियो बनाने वालों से इसे अखिलेश यादव को भेजने की बात कहते सुनाई देते हैं।

Mainpuri News: मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर 15 लाख की दवाइयां चोरी, विवादित दुकान पर कब्जे का आरोप

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर किया पलटवार

वीडियो वायरल होने के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से वीडियो साझा करते हुए सीओ पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता और सजातीय समर्थन की वजह से अधिकारी के तेवर इस तरह के हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे लोगों से न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती और बदलाव आने वाला है।

जून में औरैया से मैनपुरी आए थे अशोक सिंह

जानकारी के मुताबिक अशोक कुमार सिंह मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले हैं। जून 2026 में उनका स्थानांतरण औरैया से मैनपुरी हुआ था। वह वर्तमान में सीओ सिटी के पद पर तैनात हैं। वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर भी अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

वहीं, पूरे विवाद पर सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने अपनी सफाई दी है। उन्होंने बताया कि एलाऊ क्षेत्र में ट्रक परिचालक की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। सीओ के मुताबिक घटना के बाद एक प्रधान कुछ अन्य लोगों को मामले में आरोपी बनाए जाने की मांग को लेकर लगातार हंगामा कर रहा था।

जिनके नाम बताए गए वे घटना में शामिल नहीं मिले

सीओ के मुताबिक प्रधान की ओर से जिन लोगों के नाम बताए गए, उनके संबंध में पुलिस ने जानकारी जुटाई, लेकिन जांच में उनकी घटना में संलिप्तता सामने नहीं आई। इसके बावजूद पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा किया गया। सीओ ने यह भी दावा किया कि उन्हें जाति विशेष का अधिकारी बताते हुए भी टिप्पणी की गई।

Mainpuri Road Accident: धार्मिक अनुष्ठान के लिए निकले श्रद्धालुओं का सफर कैसे बन गया आखिरी सफर; 6 की मौत; 14 घायल

वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया

सीओ सिटी ने वायरल वीडियो को लेकर कहा कि वीडियो बना रहे व्यक्ति ने ही पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शिकायत करने की बात कही थी। इसी पर उन्होंने वीडियो बनाकर अखिलेश यादव को भेजने की बात कही थी। उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम को काट-छांटकर और तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ी राजनीतिक हलचल

ट्रक परिचालक की हत्या के बाद पोस्टमार्टम हाउस में हुए इस घटनाक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। एक ओर सपा प्रमुख ने अधिकारी के रवैये पर सवाल उठाए हैं, वहीं सीओ ने अपने बयान को संदर्भ से अलग पेश किए जाने की बात कही है। ऐसे में अब यह मामला सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा में है।

Location :  Mainpuri

Published :  3 September 2026, 2:03 PM IST

Advertisement