जंतर-मंतर लाठीचार्ज और पेपर लीक के खिलाफ बलरामपुर में फूटा आक्रोश, सड़कों पर उतरे सपा कार्यकर्ता

​पेपर लीक की मार से बर्बाद होता युवाओं का भविष्य और हक मांगने पर जंतर-मंतर पर बरसी लाठियां... आखिर कब तक सहेगा देश का युवा? इसी आक्रोश की आग आज बलरामपुर की गलियों में भी देखने को मिली।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 July 2026, 5:36 PM IST

Balrampur: देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र-युवाओं पर हुए पुलिसिया बल प्रयोग और प्रदेश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने अब राजनीतिक गरमाहट बढ़ा दी है। गुरुवार दोपहर समाजवादी आंबेडकर वाहिनी के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने बलरामपुर की सड़कों पर जोरदार जुलूस निकालकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार के साथ-साथ शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेला

​प्रदर्शन में शामिल वक्ताओं ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बार-बार होते पेपर लीक कांड ने लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। निष्पक्ष परीक्षाओं का भरोसा पूरी तरह टूट चुका है और जब छात्र अपनी लोकतांत्रिक मांगों को लेकर आवाज उठाते हैं, तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं। दमनकारी नीतियों के विरोध में आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सरकार और संबंधित संस्थाओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए देश के सर्वोच्च पद को संबोधित ज्ञापन स्थानीय प्रशासन को सौंपा।

ये भी पढ़ें- Maharajganj: सीएम से मिला सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल, सभागार व पुस्तकालय निर्माण का दिया आश्वासन

मौके पर पुलिस बल रहा तैनात

​सुरक्षा के लिहाज से मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रही, हालांकि पूरा प्रदर्शन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सौंपे गए ज्ञापन में जंतर-मंतर की घटना के जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई, पेपर लीक माफिया के खिलाफ कठोर कानून बनाने और भविष्य की सभी परीक्षाओं को पारदर्शी व निष्पक्ष कराने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि अगर छात्रों के हितों से खिलवाड़ बंद नहीं हुआ और मांगों को अनसुना किया गया, तो बलरामपुर से एक नया उग्र आंदोलन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- पति से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी पत्नी, अगले ही पल स्क्रीन पर दिखा ऐसा मंजर कि उड़ गए होश

इस दौरान पूर्व विधायक जगराम पासवान, जिला उपाध्यक्ष शफीउल्ला खां, विजय मौर्य, संजय कुमार, शबाना खान, सद्दाम हुसैन, अनुरुद्ध यादव, आनंद कुमार, पप्पू यादव और गणेश कुमार समेत कई प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Location :  Balrampur

Published :  23 July 2026, 5:36 PM IST