Vision India PDA में अखिलेश यादव के कई बड़े ऐलान, बोले- जनता की राय से तय होगा हमारा 2027 का चुनावी एजेंडा

आगरा में विजन इंडिया की एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपनी पूर्ववर्ती समाजवादी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और इसके साथ ही उन्होंने अपनी पार्टी का 2027 विधान सभा चुनाव का एजेंडा भी पेश किया। उन्होंने कहा कि इस बार जनता के सहयोग से घोषणापत्र तय किया जायेगा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 June 2026, 2:40 PM IST

Agra: ताजनगरी आगरा में रविवार को विजन इंडिया (पीडीए) के मंच पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पार्टी की ओर से कई बड़े ऐलान किये और चुनावी एजेंडा पेश किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और छोटे कारोबारियों से जुड़े कई बड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारी, कारीगर और उद्यमी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं को समझे बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।

अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का घोषणापत्र जनता की राय से तय किया जायेगा ताकि उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर लोगों के सुझाव को अमल में लाया जा सके।

छोटे कारोबारियों को मिलेगा प्रोत्साहन

अखिलेश यादव ने कहा कि छोटे कारोबार ही खुशहाली की असली बुनियाद हैं। जब छोटे उद्योग और व्यापार आगे बढ़ते हैं तो उससे जुड़े परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर छोटे कारोबारियों को सुविधाएं, प्रोत्साहन और नई योजनाओं का लाभ दिया जाएगा, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

समाजवादी सरकार के कामों का किया उल्लेख

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का पहला स्टेट हाईवे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे समाजवादी सरकार में बना था। उन्होंने यह भी कहा कि देश का पहला साइकिल ट्रैक भी सपा सरकार की देन था। अखिलेश ने दावा किया कि साल 2013 में प्रदेश की पहली औद्योगिक नीति उनकी सरकार में लागू हुई थी, जिसमें बदलाव के बाद भी वही नीति आज तक प्रभावी है।

DN Exclusive: गौतमबुद्ध नगर के दादरी में भाजपा को धूल चटाएगा अखिलेश यादव का यह खास आदमी

आगरा में आईटी सिटी और पर्यटन को बढ़ावा

अखिलेश यादव ने घोषणा की कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो आगरा में आईटी सिटी विकसित की जाएगी। साथ ही, पर्यटन को नई तेजी दी जाएगी और शहर को ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए विशेष योजनाएं लागू होंगी। उन्होंने महिला उद्यमियों और लघु उद्योगों को भी विशेष प्रोत्साहन देने का वादा किया।

मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय की मांग

कार्यक्रम में स्वास्थ्य और शिक्षा के मुद्दे पर भी चर्च की गई। उन्होंने कहा कि बटेश्वर क्षेत्र में एक बड़े मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय की जरूरत है, ताकि लोगों को इलाज और आगे की पढ़ाई के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी और लोहिया अस्पताल का उदाहरण देते हुए आगरा में भी आधुनिक अस्पताल और मेडिकल संस्थान विकसित करने की बात कही।

कारीगरों और किसानों पर विशेष फोकस

अखिलेश यादव ने प्रदेश के हस्तशिल्प और पारंपरिक उद्योगों को मजबूत करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि कारीगरों को आधुनिक तकनीक, डिजाइन, प्रशिक्षण और विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की व्यवस्था पर भी जोर दिया।

पीडीए का नया अर्थ बताया

अपने भाषण के अंत में अखिलेश यादव ने पीडीए को नया अर्थ देते हुए कहा कि उनके लिए पीडीए का मतलब "प्रेम, दया और अपनापन" है। उन्होंने कहा कि समाज में जितना प्रेम, दया और अपनापन बढ़ेगा, उतना ही समाज मजबूत, समृद्ध और खुशहाल बनेगा। उन्होंने लोगों से भाईचारे और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

UP News Live: अखिलेश यादव ने सपा के घोषणापत्र के लिए लोगों से मांगे सुझाव

सही ट्रेनिंग और हुनर जरूरी

अखिलेश यादव ने कहा कि व्यापार और पर्यटन को बढ़ाने के लिए खोखले नारों की नहीं, बल्कि सही ट्रेनिंग और हुनर की जरूरत है। उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए समझाया कि कैसे उसने वैश्विक नीतियों को समझकर अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत किया, जबकि हम सिर्फ ट्रेडर बनकर रह गए।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर जताई चिंता

स्वास्थ्य व्यवस्था पर गहरी चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि जब कोई मरीज अस्पताल आए, तो डॉक्टर को पैसों या कार्ड की जांच करने के बजाय तुरंत उसकी जान बचानी चाहिए। सैफई और नोएडा के मुफ्त इलाज वाले समाजवादी मॉडल की याद दिलाई और वादा किया कि आगे 100 करोड़ रुपये के बजट से ऐसा ही स्वास्थ्य तंत्र बनाया जाएगा, ताकि किसी भी गरीब का आर्थिक शोषण न हो और सबको मुफ्त व सुरक्षित इलाज मिल सके।

Location :  agra

Published :  14 June 2026, 2:36 PM IST