UP Assembly Election 2027: अखिलेश यादव ने आधी आबादी पर खेला बड़ा दांव, महिलाओं के दिल पर राज करेगी सपा

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने ऐलान किया है कि अगर यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो समाजवादी पेंशन योजना को दोबारा शुरू किया जाएगा और महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 17 August 2026, 2:27 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां लगातार बढ़ती जा रही है। चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी की ओर से एक बड़ी सियासी घोषणा की है। सपा प्रमुख ने राज्य की आधी आबादी यानि महिलाओं को प्रति माह 3 हजार रुपये की पेंशन के साथ सालाना 40 हजार रुपये देने का ऐलान किया है। प्रतिमाह 3 हजार रुपये की पेंशन पर साल में 4 हजार का ब्याज दिया जाएगा।

अखिलेश बोले- पहले भी दी थी महिलाओं को पेंशन

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान महिलाओं के लिए समाजवादी पेंशन योजना चलाई गई थी। उस समय महिलाओं को 500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाती थी। अब अगर समाजवादी पार्टी सत्ता में लौटती है तो इस योजना को नए स्वरूप में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा, "हमने तय किया है कि समाजवादी पेंशन योजना को बढ़ाकर फिर से शुरू किया जाएगा। पिछले बार भी हमने गणित समझाया था और अब माताओं-बहनों को 40 हजार रुपये साल देने का काम किया जाएगा।"

3 हजार रुपये महीने के हिसाब से समझाया गणित

सपा प्रमुख ने अपने ऐलान को समझाते हुए कहा कि 3 हजार रुपये महीने के हिसाब से 12 महीने में 36 हजार रुपये होते हैं। इसके अलावा पिछले समय का ब्याज जोड़कर यह रकम करीब 40 हजार रुपये तक पहुंचती है। अखिलेश ने कहा कि जब सरकार उद्योगपतियों के हजारों करोड़ रुपये माफ कर सकती है तो वही पैसा बचाकर गरीब परिवारों और महिलाओं की मदद के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।

चुनाव से पहले महिलाओं पर फोकस

उत्तर प्रदेश की राजनीति में महिला वोटरों की भूमिका लगातार बढ़ी है। ऐसे में भाजपा और समाजवादी पार्टी दोनों ही महिलाओं को केंद्र में रखकर योजनाओं और घोषणाओं पर जोर दे रहे हैं। अखिलेश यादव ने अपने पुराने कार्यकाल की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने छात्रों को बांटे गए लैपटॉप, कन्या विद्या धन और छात्राओं को दी गई आर्थिक मदद का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने हमेशा युवाओं और महिलाओं के हित में काम किया है। अब देखना होगा कि चुनावी मैदान में महिलाओं के लिए किए जा रहे ये बड़े वादे जनता पर कितना असर डालते हैं।

Location :  Lucknow

Published :  17 August 2026, 2:27 PM IST