Assembly Election : “पूर्व से उगने जितनी सच्ची है चुनाव आयोग की निष्पक्षता” विपक्ष के आरोपों पर CEC ज्ञानेश कुमार का करारा पलटवार

आगरा में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि आयोग की निष्पक्षता पूर्व दिशा से सूर्य उगने जितनी सच्ची है। उन्होंने संविधान के अनुरूप चुनाव कराने, समाज से अपने जुड़ाव और बिहार-बंगाल के चुनावों में बढ़े मतदाता विश्वास पर भी अपनी बात रखी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 July 2026, 8:37 AM IST

Agra: भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठने वाले सवालों का जवाब देते हुए कहा कि आयोग की कार्यप्रणाली संविधान के अनुरूप पूरी तरह निष्पक्ष है। उन्होंने कहा कि "चुनाव आयोग की निष्पक्षता उतनी ही सत्य है, जितना पूर्व दिशा से सूर्य का उगना। इस पर सवाल उठाना पश्चिम से सूर्य के उगने जैसा झूठ है।" वह शनिवार को आगरा के पंचकुइयां स्थित माथुर वैश्य भवन में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित किया।

बचपन से लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त बनने तक का सफर किया साझा

अपने संबोधन में ज्ञानेश कुमार ने बचपन, परिवार, ननिहाल और मुख्य चुनाव आयुक्त बनने तक की यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि उनका माथुर वैश्य समाज और माथुर वैश्य भवन से वर्षों पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने अपने पिता और परिवार के योगदान का भी उल्लेख किया।

UP Assembly Election 2027: यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने बनाई खास रणनीति, आधी आबादी पर बड़ा दाव

सुंदरकांड और रामायण से जुड़ाव का किया जिक्र

ज्ञानेश कुमार ने कहा कि समाज से उनका वास्तविक जुड़ाव धार्मिक आयोजनों के माध्यम से हुआ। उन्होंने बताया कि उनके पिता की गोरखपुर में नौकरी के दौरान समाज के कुछ परिवार नियमित रूप से सुंदरकांड का पाठ करते थे। बाद में वाराणसी में भी रामायण पाठ के माध्यम से समाज से उनका जुड़ाव और मजबूत हुआ।

छात्र जीवन में भी समाज ने किया सम्मानित

उन्होंने कहा कि जब वह 10वीं और 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान पर आए थे, तब भी माथुर वैश्य भवन में उनका सम्मान हुआ था। राष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिता में उपलब्धि हासिल करने पर भी समाज ने उन्हें सम्मानित किया था। उन्होंने कहा कि आज मुख्य चुनाव आयुक्त बनने के बाद फिर से समाज द्वारा सम्मानित किया जाना उनके लिए गर्व और भावुकता का विषय है।

Assembly Election: BSP की महारैली पर मायावती का फोकस, क्या कार्यकर्ताओं और दावेदारों का शक्ति प्रदर्शन बदलेगा पार्टी की किस्मत?

बंगाल और बिहार के चुनावों पर भी रखी बात

पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों के चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि एसआईआर (Special Intensive Revision) के बाद लोगों का चुनाव आयोग पर भरोसा और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि मतदाता तभी मतदान करता है, जब उसे चुनाव प्रक्रिया पर विश्वास होता है। उनके अनुसार, बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल तक हुए चुनावों में अभूतपूर्व मतदान इसी विश्वास का प्रमाण है।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश गुप्ता सहित शंकर गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, विमल सराफ, संजय गुप्ता, मनोज गुप्ता, सत्यप्रकाश गुप्ता, राकेश गुप्ता, उपमा गुप्ता, विनय गुप्ता, राजेश कुमार और समाज के अन्य लोग उपस्थित रहे।

Location :  Agra

Published :  26 July 2026, 8:37 AM IST