10 सेकंड की रील और पार्टी की छवि… अखिलेश ने प्रवक्ताओं को दिए सख्त संदेश, बोले- डिबेट में जाने से पहले तैयारी जरूरी

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रवक्ताओं की बैठक में बिना तैयारी डिबेट में जाने से बचने और संवेदनशील मुद्दों पर सावधानी से बोलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में 10 सेकंड की रील भी पार्टी की छवि प्रभावित कर सकती है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 September 2026, 5:07 PM IST

Lucknow: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी के प्रवक्ताओं के साथ बैठक कर मीडिया डिबेट और सोशल मीडिया पर बयानों को लेकर कई निर्देश दिए। करीब दो घंटे चली बैठक में राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव राय और राजकुमार भाटी समेत पार्टी के प्रवक्ता मौजूद रहे। बैठक में अखिलेश यादव ने बिना तैयारी किसी डिबेट में शामिल होने और संवेदनशील मुद्दों पर बयान देने से बचने की सलाह दी।

बिना तैयारी डिबेट में जाना हास्यास्पद

बैठक में अखिलेश यादव ने प्रवक्ताओं से कहा कि किसी भी मुद्दे पर बोलने से पहले पूरी जानकारी जुटाना जरूरी है। उन्होंने बिना तैयारी डिबेट में जाने से बचने की बात कही। उन्होंने कहा कि धर्म और जाति जैसे संवेदनशील मुद्दों पर ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए जिससे किसी की भावना आहत हो।

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हर मुद्दे पर बोलने से ज्यादा महत्वपूर्ण कई बार चुप रहना होता है और चुप रहकर भी संदेश दिया जा सकता है।

ये भी पढ़ें: EMD में छूट मिली, अनुभव पर भी सवाल… महराजगंज की ECCE नियुक्ति प्रक्रिया में क्या हुआ?

10 सेकंड की रील से बनती-बिगड़ती है छवि

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि आज किसी भी बयान को तेजी से प्रसारित किया जा सकता है। उन्होंने प्रवक्ताओं को आगाह किया कि 10 सेकंड की रील भी पार्टी की छवि को प्रभावित कर सकती है।

उन्होंने प्रवक्ताओं से पार्टी का पक्ष गंभीरता से रखने और किसी भी मुद्दे पर पर्याप्त जानकारी जुटाने के बाद ही बयान देने या टीवी डिबेट में शामिल होने को कहा।

ये भी पढ़ें: Manmohan Singh Birth Anniversary: डॉ. मनमोहन सिंह के फैसलों ने कैसे बदली भारत की आर्थिक दिशा

रायबरेली से शुरू की PDA रथयात्रा

यह बैठक ऐसे समय हुई है जब अखिलेश यादव ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर रायबरेली से अपनी PDA रथयात्रा शुरू की है। 24 सितंबर को रायबरेली में उन्होंने PDA के मुद्दे पर भाषण दिया था और राजनीतिक मुकाबले को लेकर कई दावे किए थे।

सपा प्रमुख ने कहा कि हम सकारात्मक राजनीति कर रहे हैं, जबकि BJP नकारात्मक राजनीति करती है। अखिलेश यादव ने कहा कि पूरा उत्तर प्रदेश देख रहा है कि पीडीए के आंदोलन से बुलडोजर चलाने वाले बचने वाले नहीं हैं, इस बार वोट का बुलडोजर चलेगा और हमेशा के लिए डिमॉलिश कर देगा। 

Location :  Lucknow

Published :  26 September 2026, 5:07 PM IST