घर से निकलने से पहले ये खबर जरूर पढ़ लें… कल 23 राज्यों में बरसेगा मॉनसून का कहर, कई इलाकों के लिए भारी बारिश का अलर्ट

अगर आप मंगलवार को घर से बाहर निकलने की तैयारी कर रहे हैं तो पहले मौसम का हाल जान लेना जरूरी है। मॉनसून एक बार फिर पूरे जोर में लौट रहा है और कई राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी, बिजली गिरने और जलभराव की आशंका जताई गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 July 2026, 6:08 PM IST

Lucknow: देशभर में मॉनसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 28 जुलाई के लिए बड़ा मौसम अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा समेत 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में हल्की बारिश तो कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव (डीप डिप्रेशन) और सक्रिय मॉनसूनी सिस्टम इस बदलाव की बड़ी वजह है।

दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट

दिल्ली और एनसीआर के लोगों को मंगलवार को उमस से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में भी कई दौर की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बिजली गिरने और तेज हवा चलने की भी चेतावनी दी है। ऐसे में खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

उत्तर प्रदेश में कई जिलों पर बारिश का असर

उत्तर प्रदेश में भी मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 और 29 जुलाई के दौरान अधिकांश जिलों में बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 से 29 जुलाई तक व्यापक बारिश का अनुमान है। खासकर 28 जुलाई को कई जिलों में तेज बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।

ये भी पढ़ें- यूपी पर मानसून एक्सप्रेस मेहरबान: आज से लखनऊ-वाराणसी समेत 60 जिलों में झमाझम बारिश, उमस से मिलेगी राहत

बिहार में भी जारी रहेगा बारिश का दौर

बिहार के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को मॉनसून सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। हालांकि 29 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है और यह केवल कुछ इलाकों तक सीमित रह सकती है।

कई जिलों के स्कूल बंद

ओडिशा में लगातार हो रही बारिश के कारण हालात पहले से ही चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। मौसम विभाग ने सुंदरगढ़, क्योंझर और मयूरभंज जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यहां भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और आठ जिलों में येलो अलर्ट लागू किया गया है। एहतियात के तौर पर जगतसिंहपुर, सोनपुर, मयूरभंज और केंद्रपाड़ा जिलों के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से जरूरी काम होने पर ही घर से निकलने की अपील की है।

पश्चिम बंगाल में भी तेज बारिश का अनुमान

बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव का असर पश्चिम बंगाल में भी साफ दिखाई देगा। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में मंगलवार तक तेज बारिश का अनुमान है। वहीं दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जैसे उप-हिमालयी जिलों में भी 1 अगस्त तक रुक-रुक कर भारी बारिश जारी रह सकती है।

इन राज्यों में भी भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, गुजरात, झारखंड, बिहार, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तटीय आंध्र प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित कई इलाकों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

ये भी पढ़ें- बारिश का बड़ा अलर्ट: दिल्ली-एनसीआर में अगले 5 दिन तक नहीं थमेगी बारिश! IMD ने जारी की कई राज्यों में चेतावनी

यात्रा करने वालों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जिन लोगों को मंगलवार को लंबी यात्रा करनी है, वे मौसम का ताजा अपडेट देखकर ही घर से निकलें। भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और सड़कें बाधित होने की संभावना रहती है। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और नदियों के जलस्तर बढ़ने का खतरा भी बना रह सकता है। बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

Location :  New Delhi

Published :  27 July 2026, 6:08 PM IST