
वाराणसी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन(Image Source: Internet)
New Delhi: दीपावली और छठ पर्व से पहले वाराणसी से नई दिल्ली के बीच दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत होने जा रही है। इस नई ट्रेन से त्योहारों के दौरान यात्रियों को सफर का एक और विकल्प मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-8 से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन का नंबर 27421 और नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली ट्रेन का नंबर 27422 निर्धारित किया गया है। तय समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन नई दिल्ली से रात 9:40 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
सेमी हाईस्पीड वंदे भारत ट्रेनों की शृंखला में अब वाराणसी से स्लीपर ट्रेन भी जुड़ जाएगी। कैंट और बनारस स्टेशन से चलने या गुजरने वाली वंदे भारत ट्रेनों में यह नौवीं ट्रेन होगी। शनिवार को इसे उद्घाटन स्पेशल के रूप में रवाना किया जाएगा। इस यात्रा में विभिन्न स्कूलों के 60 बच्चे भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, उत्तर रेलवे के जीएम राजेश कुमार पांडेय, डीआरएम आशीष जैन और सुनील कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।
स्लीपर वंदे भारत के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दो मेमू ट्रेनों को भी वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें वाराणसी सिटी-राजा तालाब मेमू और प्रयागराज रामबाग-बनारस मेमू शामिल हैं। उद्घाटन के पहले दिन वाराणसी सिटी-राजा तालाब मेमू कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4/5 से रवाना होगी। वहीं, प्रयागराज रामबाग-बनारस मेमू प्रयागराज रामबाग स्टेशन से उसी समय प्रस्थान करेगी। दोनों स्टेशनों पर कार्यक्रम के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं।
Census 2027: देशभर में जनगणना की तैयारी तेज, घर-घर पहुंचेगी टीम, यूपी समेत इन राज्यों को फिलहाल छूट
उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए बनारस स्टेशन पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। शनिवार को दोपहर 2 बजे के बाद द्वितीय प्रवेश द्वार से यात्रियों का आवागमन रोक दिया जाएगा। प्लेटफॉर्म नंबर-8 से स्लीपर वंदे भारत रवाना होगी। इसके चलते बनारस-खजुराहो वंदे भारत प्लेटफॉर्म नंबर-3 और बनारस-आगरा वंदे भारत प्लेटफॉर्म नंबर-1 से चलाई जाएगी।
गौरतलब है कि फिलहाल कैंट स्टेशन से नई दिल्ली के लिए दो वंदे भारत ट्रेनें चलती हैं। इसके अलावा देवघर, रांची और मेरठ के लिए एक-एक वंदे भारत संचालित होती है। पटना-गोमतीनगर वंदे भारत कैंट स्टेशन से होकर गुजरती है। वहीं, बनारस स्टेशन से खजुराहो और आगरा के लिए भी वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं।
Location : New Delhi
Published : 31 October 2026, 6:57 AM IST