Republic Day 2026: दुनिया ने देखी भारत की ताकत, कर्तव्य पथ पर शक्ति और संस्कृति का संगम, पढ़ें 77वें गणतंत्र दिवस की खास बातें

भारत 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गौरव के साथ मना रहा है। कर्तव्य पथ पर भव्य परेड का आयोजन किया गया है, जबकि दिल्ली और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। डाइनामाइट न्यूज़ पर पढ़ें पल-पल की अपडेट।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 26 January 2026, 8:08 AM IST
    The liveblog has ended.

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 26 Jan 2026 12:51 PM (IST)

      PM मोदी ने गणतंत्र दिवस पर गैलरी में लोगों से किया मुलाकात

      गणतंत्र दिवस समारोह के समापन के बाद यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ बग्घी में राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना हो गए। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गैलरी में उपस्थित लोगों से मिले। इसके बाद पीएम मोदी गाड़ी में बैठकर कर्तव्य पथ से रवाना हुए और जनता का अभिवादन स्वीकार किया।

    • 26 Jan 2026 12:29 PM (IST)

      राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का काफिला कर्तव्य पथ से राष्ट्रपति भवन की ओर रवाना

      कर्तव्य पथ पर परेड का समापन हो चुका है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का काफिला भव्य सलामी के साथ कर्तव्य पथ से राष्ट्रपति भवन की ओर रवाना हुआ।

    • 26 Jan 2026 12:08 PM (IST)

      कर्तव्य पथ पर ऑपरेशन सिंदूर हेलीकॉप्टर की ऐतिहासिक उड़ान

      गणतंत्र दिवस 2026 की परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर ऑपरेशन सिंदूर का ध्वज लेकर हेलीकॉप्टर ने ऐतिहासिक उड़ान भरी। इस विशेष प्रदर्शन ने भारत की सैन्य शक्ति, साहस और ऑपरेशनल क्षमताओं को प्रदर्शित किया। दर्शक इस रोमांचक दृश्य को देखकर गर्व और देशभक्ति की भावना से भर गए।

    • 26 Jan 2026 12:00 PM (IST)

      कर्तव्य पथ पर उत्तर प्रदेश की झांकी ने मोहा देशवासियों का मन

      77वें गणतंत्र दिवस 2026 पर कर्तव्य पथ पर उत्तर प्रदेश की झांकी ने राज्य के विकास और बुंदेलखंड की समृद्ध संस्कृति को जीवंत रूप में पेश किया। झांकी में परंपरागत वेशभूषा, लोक कला और आधुनिक प्रगति का अद्भुत मिश्रण देखने को मिला।

    • 26 Jan 2026 11:57 AM (IST)

      कर्तव्य पथ पर ‘वंदे मातरम्’ रचना की 150वीं वर्षगांठ पर भव्य प्रस्तुति

      77वें गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर कर्तव्य पथ पर ‘वंदे मातरम्’ रचना के 150 साल पूरे होने पर कलाकारों ने नृत्य और गीत के माध्यम से शानदार प्रस्तुति दी। यह कार्यक्रम देशभक्ति और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बनकर उभरा। दर्शकों ने झांकियों और कलाकारों के जीवंत प्रदर्शन का मनोहारी आनंद लिया।

    • 26 Jan 2026 11:40 AM (IST)

      कर्तव्य पथ पर ऑपरेशन सिंदूर ट्राई-सर्विसेज झांकी का प्रदर्शन

      77वें गणतंत्र दिवस 2026 पर कर्तव्य पथ पर भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर शीर्षक वाली ट्राई-सर्विसेज झांकी प्रदर्शित की। झांकी ने आधुनिक रक्षा क्षमताओं के माध्यम से देश की शक्ति, एकता और संप्रभुता को दर्शाया। ऑपरेशन सिंदूर पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर कार्रवाई के लिए किया गया था, जो अप्रैल 2025 में पहलगाम हमले के बाद शुरू हुआ, जिसमें कई आतंकवादी ढेर किए गए।

    • 26 Jan 2026 11:19 AM (IST)

      कर्तव्य पथ पर भारतीय तटरक्षक का भव्य प्रदर्शन

      गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर कर्तव्य पथ पर भारतीय तटरक्षक का दस्ता अपनी अनुशासन और सामरिक कुशलता के साथ प्रस्तुत हुआ। विभिन्न झांकियों और सैन्य दस्तों ने देशवासियों का मन मोह लिया।

    • 26 Jan 2026 11:15 AM (IST)

      रायबरेली कलेक्ट्रेट में गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य आयोजन

      77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रायबरेली की जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट परिसर में तिरंगा फहराया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया और दो दिव्यांग बच्चों को ट्राई साइकिल भेंट की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन सिद्धार्थ कुमार, वित्त एवं राजस्व अमृता सिंह और न्यायिक विशाल यादव सहित सभी कलेक्ट्रेट कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने समारोह को और भव्य बनाया।

    • 26 Jan 2026 11:11 AM (IST)

      कर्तव्य पथ पर भारतीय सेना के 74 संगीतकारों का भव्य प्रदर्शन

      गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर कर्तव्य पथ पर भारतीय सेना के 74 संगीतकारों ने अपनी सामूहिक प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। उनका प्रदर्शन देशभक्ति और अनुशासन का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है। तान, झांझ और अन्य वाद्यों के साथ प्रस्तुत झांकियों ने परेड की शोभा बढ़ाई और भारतीय सेना की सांस्कृतिक विविधता और अनुशासन का प्रतीक बनकर उभरी।

    • 26 Jan 2026 11:05 AM (IST)

      कर्तव्य पथ पर सूर्यास्त्र और ब्रह्मोश का शानदार प्रदर्शन

      गणतंत्र दिवस 2026 पर कर्तव्य पथ पर भारतीय सैन्य शक्ति का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। विशेष रूप से सूर्यास्त्र और ब्रह्मोश मिसाइलों की प्रदर्शनी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। थल सेना, नौसेना और वायु सेना की टुकड़ियों ने सामरिक कुशलता और अनुशासन का परिचय दिया।

    • 26 Jan 2026 11:02 AM (IST)

      कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह का शानदार आयोजन

      26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस का भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर देश की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और आधुनिक तकनीक का अद्भुत प्रदर्शन हुआ। झांकियों और परेड के माध्यम से भारतीय लोकतंत्र के कई रंग देखने को मिले।

    • 26 Jan 2026 10:50 AM (IST)

      लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार ने गणतंत्र दिवस परेड का नेतृत्व किया

      गणतंत्र दिवस 2026 के भव्य समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार ने परेड की कमान संभाली। वो गणतंत्र दिवस परेड का नेतृत्व कर रहे हैं। वे दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग हैं और दूसरी पीढ़ी के अनुभवी सैन्य अधिकारी हैं। उनके नेतृत्व में तीनों सेनाओं, थल सेना, नौसेना और वायु सेना की टुकड़ियां अनुशासन और पराक्रम का शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।

    • 26 Jan 2026 10:39 AM (IST)

      ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र से सम्मानित

      राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को उनके अद्वितीय साहस और देशभक्ति के लिए अशोक चक्र से सम्मानित किया। शुक्ला ने देश की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन में अपने असाधारण योगदान से सभी को प्रेरित किया।

    • 26 Jan 2026 10:35 AM (IST)

      उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे

      भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति सलामी मंच की ओर बढ़ चुके हैं। भव्य परेड जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। समारोह में देशभक्ति और ऐतिहासिक गरिमा का विशेष वातावरण बना हुआ है।

    • 26 Jan 2026 10:32 AM (IST)

      राष्ट्रपति मुर्मू पारंपरिक बग्घी में मुख्य सलामी मंच के लिए रवाना

      राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पारंपरिक बग्घी में बैठकर मुख्य सलामी मंच के लिए रवाना हुईं। उनके साथ यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन भी मौजूद हैं। विशेष सुरक्षा गार्ड्स के साथ राष्ट्रपति भवन से निकलने के बाद वे समारोह स्थल की ओर बढ़ीं।

    • 26 Jan 2026 10:17 AM (IST)

      पीएम मोदी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

    • 26 Jan 2026 10:08 AM (IST)

      प्रधानमंत्री नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचे

      प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली के नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचे। वहां वे शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उन्हें नमन करेंगे। इस अवसर पर रक्षा अधिकारियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी है।

    • 26 Jan 2026 09:57 AM (IST)

      ध्वजारोहण में शामिल होंगी फ्लाइट लेफ्टिनेंट अक्षिता धनखड़

      इस वर्ष के गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रपति के साथ फ्लाइट लेफ्टिनेंट अक्षिता धनखड़ भी ध्वजारोहण समारोह में मौजूद रहेंगी, जिससे कार्यक्रम और गौरवपूर्ण बन गया है। कर्तव्य पथ पर भारतीय वायुसेना का फ्लाई-पास्ट “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत 29 एयरक्राफ्ट उड़ान भरेंगे, जिनमें राफेल, सुखोई, मिग-29 और जगुआर शामिल हैं। फ्लाई-पास्ट की शुरुआत तिरंगा और सेना के ध्वजों वाले हेलीकॉप्टर फॉर्मेशन से होगी।

    • 26 Jan 2026 09:56 AM (IST)

      अखिलेश यादव ने देशवासियों को दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं

      समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 77वें गणतंत्र दिवस पर देशवासियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह गणतंत्र दिवस विशेष है क्योंकि तारीख और साल दोनों 26 हैं। अखिलेश यादव ने नागरिकों से अपील की कि वे संविधान और जनतंत्र की रक्षा का संकल्प लें और एक सशक्त, लोकतांत्रिक भारत के निर्माण में योगदान दें।

    • 26 Jan 2026 09:42 AM (IST)

      योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में किया ध्वजारोहण

      उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और संविधान के आदर्शों का पालन करने तथा राष्ट्रहित में कार्य करने का संदेश दिया। समारोह में परिवारजन और कुछ अधिकारी भी मौजूद रहे।

    • 26 Jan 2026 09:14 AM (IST)

      पहली बार गणतंत्र दिवस पर होगी कॉम्बैट परेड

      इस वर्ष 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में पारंपरिक परेड की जगह पहली बार कॉम्बैट परेड आयोजित की जाएगी। कर्तव्य पथ पर थलसेना, वायुसेना और नौसेना के सैनिक पारंपरिक गियर की बजाय युद्धभूमि की भूमिका में मार्चिंग करेंगे। बैटल एरे में टैंक, तोप, रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन सहित ऑपरेशन सिंदूर के सैनिक तैनात होंगे। कैवलरी भी पहली बार कॉम्बैट वेशभूषा में दिखेगी।

    • 26 Jan 2026 08:54 AM (IST)

      चेन्नई में गणतंत्र दिवस समारोह पर गवर्नर ने फहराया तिरंगा

      तमिलनाडु के गवर्नर आरएन रवि ने चेन्नई में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एमके स्टालिन सहित राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।

    • 26 Jan 2026 08:52 AM (IST)

      शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र

      भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को शांति काल के सर्वोच्च वीरता सम्मान अशोक चक्र से नवाजा गया है। इस उपलब्धि पर उनकी बहन शुचि मिश्रा ने गर्व जताते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण को राष्ट्रीय पहचान मिली है। उन्होंने इसे परिवार और देश के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण बताया।

    • 26 Jan 2026 08:29 AM (IST)

      गणतंत्र दिवस पर काशी विश्वनाथ धाम में विशेष सजावट

      77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ धाम को विशेष रूप से सजाया गया। मंदिर में स्थापित शिवलिंग का श्रृंगार तिरंगे के रंगों के फूलों से किया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर देश की समृद्धि और शांति की कामना की।

    • 26 Jan 2026 08:26 AM (IST)

      पीएम नरेंद्र मोदी ने दी गणतंत्र दिवस की बधाई

      प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। पीएम ने कामना की कि गणतंत्र दिवस सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह लाए और विकसित भारत का संकल्प और अधिक मजबूत हो।

    • 26 Jan 2026 08:22 AM (IST)

      योगी आदित्यनाथ ने दी गणतंत्र दिवस की बधाई

      उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यबोध से ही लोकतंत्र मजबूत होता है। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए संविधान के मूल्यों पर चलकर सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने का संदेश दिया।

    • 26 Jan 2026 08:18 AM (IST)

      दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी

      77वें गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र दिल्ली और आसपास के बॉर्डर इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। गाजीपुर बॉर्डर पर तीन स्तर की बैरिकेडिंग लगाई गई है, साथ ही लोहे की कीलें भी स्थापित की गई हैं। पुलिस द्वारा आने-जाने वाले हर वाहन की गहन जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है।

New Delhi: भारत आज पूरे गौरव और उत्साह के साथ 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अपने ऐतिहासिक संघर्ष, वर्तमान उपलब्धियों और भविष्य के लक्ष्यों पर आत्ममंथन का अवसर देता है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले वीरों को नमन करते हुए राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाए रखने का आह्वान किया।

राष्ट्रपति ने ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह गीत भारत माता के दिव्य स्वरूप का प्रतीक है, जो हर भारतीय के हृदय में देशभक्ति की भावना जगाता है।

राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य परेड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। इससे पहले परेड की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिल्ली और आसपास के बॉर्डर इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। गाजीपुर बॉर्डर सहित कई स्थानों पर बहुस्तरीय बैरिकेडिंग, कड़ी निगरानी और वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पूरा देश तिरंगे के रंग में रंगा हुआ है और हर ओर राष्ट्रगान व देशभक्ति के जयघोष सुनाई दे रहे हैं।

 

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 26 January 2026, 8:08 AM IST