रामगढ़ में काल बनकर दौड़ा कोयला लदा ट्रक, बैंड पार्टी की गाड़ी से टक्कर में सात लोगों की दर्दनाक मौत

झारखंड के रामगढ़ में रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग के पास कोयला लदे ट्रक और सवारी वाहन की भीषण टक्कर में बैंड पार्टी से जुड़े सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद लोगों ने एनएच-23 जाम कर सड़क सुरक्षा की मांग उठाई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 June 2026, 8:43 AM IST

Ramgarh: झारखंड के रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित लारी-बरलौंग के पास गुरुवार देर रात करीब 1:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर कोयला लदे ट्रक और सवारी वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर में बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कार्यक्रम से लौट रही थी बैंड पार्टी

जानकारी के अनुसार बलसगरा और मरांगमरचा गांव के बैंड-ताशा पार्टी के सदस्य एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सवारी वाहन से अपने घर लौट रहे थे। वाहन में कुल आठ लोग सवार थे। इसी दौरान लारी-बरलौंग के पास तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Jharkhand News: बॉर्डर पर छिपकर रच रहे थे तबाही की साजिश, पुलिस ने बीच में ही किया खेल खत्म

अस्पताल में सात लोगों को मृत घोषित किया गया

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, रजरप्पा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया। सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

हादसे के बाद सड़क जाम, लोगों में आक्रोश

दुर्घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। लगातार हो रहे सड़क हादसों के विरोध में लोगों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालात को नियंत्रित करने के लिए एसडीपीओ आलोक रंजन, रजरप्पा थाना पुलिस और अन्य थानों की अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। प्रशासन लोगों को समझाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास करता रहा।

Jharkhand News: चतरा में ब्राउन शुगर तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, दो धंधेबाज गिरफ्तार

चार दिन में 10 मौतों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि लारी-बरलौंग के पास का यह हिस्सा लंबे समय से सड़क दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। पिछले चार दिनों में इसी क्षेत्र में 10 लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन सड़क सुरक्षा के लिए अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। लोगों ने इस स्थान को ब्लैक स्पॉट घोषित करने, स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था, डिवाइडर, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, चेतावनी संकेतक और भारी वाहनों की निगरानी की मांग की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में ट्रक के गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में आने की आशंका जताई गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Location :  Ramgarh

Published :  26 June 2026, 8:43 AM IST