हिंदी
नोएडा प्राधिकरण के नए दफ्तर का CM योगी कल करेंगे उद्घाटन (सोर्स- एक्स)
Noida: नोएडा प्राधिकरण का नया और हाईटेक दफ्तर आखिरकार बनकर तैयार हो गया है। अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री 27 जून को सेक्टर-96 स्थित इस आधुनिक कार्यालय भवन का उद्घाटन करेंगे। करीब 390 करोड़ रुपये की लागत से बने इस हाईटेक परिसर के शुरू होने के साथ ही प्राधिकरण की कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। सबसे बड़ी राहत यह होगी कि अब अलग-अलग सेक्टरों में बिखरे विभाग एक ही परिसर से संचालित होंगे। जिससे आम लोगों को बार-बार और अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
इस परियोजना की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी और इसे तय समय के भीतर पूरा किया जाना था। हालांकि, निर्माण कार्य के दौरान कई बाधाएं सामने आई। कार्य में लगातार देरी होने पर वर्ष 2022 से पहले कार्यदायी कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। इसके बाद शेष निर्माण और भवन की रेट्रोफिटिंग के लिए दोबारा टेंडर प्रक्रिया अपनाई गई। वहीं वर्ष 2020 और 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान मजदूरों के पलायन से भी निर्माण कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ। जिसके चलते परियोजना की समयसीमा कई बार बढ़ानी पड़ी।
Noida: नोएडा में बड़ा घोटाला? कॉमर्शियल प्लॉटों की रजिस्ट्री पर उठे सवाल, जांच से मचा हड़कंप
प्राधिकरण ने रिस्क एंड कॉस्ट के आधार पर दोबारा टेंडर जारी किया और 27 मई 2022 को एसटी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई। आईआईटी दिल्ली की तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर भवन की रेट्रोफिटिंग कराई गई और उसके बाद निर्माण कार्य को अंतिम रूप दिया गया। परियोजना पर कुल लगभग 390 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जिनमें 299 करोड़ रुपये सिविल निर्माण और करीब 90 करोड़ रुपये विद्युत कार्यों पर व्यय किए गए।
फिलहाल नोएडा प्राधिकरण के अलग-अलग विभाग सेक्टर-6, सेक्टर-19, सेक्टर-20 और सेक्टर-39 समेत विभिन्न स्थानों से संचालित हो रहे हैं। नए भवन में सभी विभागों को स्थानांतरित किया जाएगा। इससे अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और नागरिकों को भी एक ही परिसर में अधिकांश सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे फाइलों के निस्तारण की गति भी तेज होने की उम्मीद है।
सेक्टर-96 स्थित यह भवन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के पास बनाया गया है, जिससे यहां पहुंचना काफी आसान होगा। करीब छह एकड़ में फैले इस परिसर में आधुनिक कार्यालय, पर्याप्त बेसमेंट पार्किंग और बेहतर बुनियादी सुविधाएं विकसित की गई हैं। शुरुआत में इसे 18 और 9 मंजिला दो टावरों के रूप में बनाने की योजना थी, लेकिन बाद में डिजाइन में बदलाव कर 4 और 8 मंजिला दो आधुनिक टावर तैयार किए गए। अधिकारियों का मानना है कि यह नया मुख्यालय भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।
Location : Noida
Published : 26 June 2026, 10:32 AM IST