पिता दुबई में, घर पर मातम, बहनों को बचाते हुए भाई ने गंवाई अपनी जान

देवरिया के मदनपुर में राप्ती नदी में डूबती दो बहनों को बचाने के चक्कर में भाई की डूबने से मौत हो गई। मां के सामने ही बेटे ने दम तोड़ दिया। एक दिन पहले दुबई गए पिता खबर सुन रो पड़े। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा है।

Updated : 26 June 2026, 10:31 AM IST
google-preferred

Deoria: देवरिया जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहरा से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है। निर्जला एकादशी के अवसर पर राप्ती नदी में स्नान के दौरान दो बहनों को बचाने के प्रयास में उनके 14 वर्षीय भाई की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नदी में डूब रही बहनों को बचाने के लिए कूदा भाई

जानकारी के अनुसार ग्राम मोहरा में निर्जला एकादशी के मौके पर महिलाएं पूजा-अर्चना के लिए राप्ती नदी के किनारे गई थीं। इसी दौरान रीता और माया नाम की दो बहनें नदी में स्नान करने लगीं। नहाते समय दोनों अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।

यह दृश्य देखकर उनका 14 वर्षीय भाई सोनू पासवान, पुत्र विजयी पासवान, बिना किसी देरी के नदी में कूद पड़ा। उसने अपनी जान की परवाह किए बिना दोनों बहनों को बचाने का प्रयास किया।

Deoria: शादी के एक माह बाद नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, सलेमपुर में मचा हड़कंप

बहनों को बचाया, खुद नहीं बच सका सोनू

सोनू ने साहस दिखाते हुए दोनों बहनों को किसी तरह सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया, लेकिन इसी दौरान वह खुद पानी के तेज बहाव में फंस गया और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे डूबते देखा तो तुरंत नदी में कूदकर बाहर निकाला और उसे उपचार के लिए महेन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

Deoria Crime: जिस घर में आई थी मेहमान बनकर, वहीं मिली खौफनाक मौत…जानें कैसे गई मासूम गोपी की जान

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

घटना के समय सोनू के पिता विजयी पासवान एक दिन पहले ही रोजगार के लिए दुबई गए थे। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वे विदेश में ही फूट-फूटकर रो पड़े। परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा छा गया है।

Location :  Deoria

Published :  26 June 2026, 10:31 AM IST

Advertisement