Padma Awards 2025: जानिये पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री में क्या है अंतर, किसे मिलता है कौन-सा सम्मान

इस साल 139 व्यक्तियों का चयन पद्म पुरस्कारों के लिए किया गया था, जिनमें 7 पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री शामिल हैं। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट

Post Published By: Jaya Pandey
Updated : 27 May 2025, 7:36 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: भारत सरकार हर वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर नागरिकों को तीन प्रमुख पद्म पुरस्कार पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री प्रदान करती है। ये पुरस्कार देश के नागरिकों द्वारा कला, साहित्य, शिक्षा, विज्ञान, खेल, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, सार्वजनिक कार्य और अन्य क्षेत्रों में किए गए असाधारण और विशिष्ट योगदान के लिए दिए जाते हैं। यह भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं और इनका चयन पद्म पुरस्कार समिति की सिफारिशों के आधार पर किया जाता है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस साल 139 व्यक्तियों का चयन पद्म पुरस्कारों के लिए किया गया था, जिनमें 7 पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री शामिल हैं। 13 व्यक्तियों को मरणोपरांत पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। जिसमें भोजपुरी गायिका शारदा सिन्हा, सुजुकी कंपनी के ओसामु सुजुकी, मनोहर जोशी के नाम भी शामिल हैं। इस बार पुरस्कार पाने वालों में 23 महिलाएं हैं। लिस्ट में 10 विदेशी, एनआरआई, पीआईओ, ओसीआई श्रेणी के व्यक्ति शामिल हैं।

पद्म विभूषण

यह भारत का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है। यह पुरस्कार उन लोगों को दिया जाता है जिन्होंने असाधारण और विशिष्ट सेवा प्रदान की हो। यह सेवा राष्ट्रीय स्तर पर अत्यंत प्रभावशाली मानी जाती है और इसका प्रभाव व्यापक होता है। यह उन व्यक्तियों को सम्मानित करने का माध्यम है, जिन्होंने देश के सामाजिक, सांस्कृतिक या अन्य किसी भी क्षेत्र में अनूठा और दीर्घकालिक योगदान दिया हो।

पद्म भूषण

पद्म भूषण भारत का तीसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है। यह सम्मान उन व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने अपने क्षेत्र में उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा की हो। यह पुरस्कार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले व्यक्ति को दिया जाता है, जिनका कार्य समाज और राष्ट्र के विकास में निर्णायक भूमिका निभाता है।

पद्मश्री

पद्मश्री पुरस्कार भारत का चौथा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है। यह सम्मान उन लोगों को दिया जाता है जिन्होंने अपने क्षेत्र में विशिष्ट सेवा की हो और जिनके कार्य ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में योगदान दिया हो। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों, छोटे शहरों या जमीनी स्तर पर काम करने वाले समाजसेवकों को भी शामिल किया जाता है।

इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल 26 जनवरी को होती है और इन्हें भारत के राष्ट्रपति द्वारा एक भव्य समारोह में प्रदान किया जाता है। इन सम्मानों का उद्देश्य समाज में उत्कृष्टता को प्रोत्साहन देना और देश के नागरिकों द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित करना है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 27 May 2025, 7:36 PM IST

Related News

No related posts found.