कहीं लू का कहर, कहीं बारिश का वार; जानें कैसा है आपके क्षेत्र का हाल?

देश में मौसम ने अचानक खतरनाक मोड़ ले लिया है। कहीं भीषण गर्मी लोगों को झुलसा रही है तो कहीं तेज बारिश और ओलावृष्टि से हालात बिगड़ रहे हैं। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए अलग-अलग चेतावनियां जारी की हैं। आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 19 April 2026, 8:19 AM IST

New Delhi: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर भारत में गर्मी ने अचानक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले दो दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। इससे राजधानी दिल्ली में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

वहीं उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आज से लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिससे हालात और भी गंभीर हो सकते हैं।

पूर्व और उत्तर-पूर्व में बारिश और तूफान का अलर्ट

जहां एक ओर उत्तर भारत गर्मी से तप रहा है, वहीं पूर्व और उत्तर-पूर्वी राज्यों में मौसम ने अलग ही रूप ले लिया है। पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इन राज्यों में अगले 48 घंटों तक तेज हवाएं, बिजली गिरने और तूफान का खतरा बना रहेगा। इससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है और किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-NCR में मौसम का यू-टर्न: बारिश और ठंडी हवाओं से लुढ़का पारा, जानें आज कैसा रहेगा हाल

देशभर में अलग-अलग मौसम की मार

पिछले 24 घंटों के दौरान देश के कई राज्यों में मौसम का तीखा बदलाव देखने को मिला। ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर सहित कई इलाकों में तेज हवाएं, बारिश और वज्रपात दर्ज किया गया।
हरियाणा, मध्य महाराष्ट्र और कर्नाटक में ओलावृष्टि ने फसलों को नुकसान पहुंचाया है। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में उमस भरा मौसम लोगों को परेशान कर सकता है।

गर्मी की रातें भी देंगी राहत नहीं

IMD ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में “उष्ण रातें” भी देखने को मिलेंगी, जहां रात का तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में यह स्थिति विशेष रूप से बनी रह सकती है, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, बारिश से लोगों ने ली राहत की सांस

आने वाले दिनों का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, 21 अप्रैल तक तापमान में यह उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसके बाद कुछ क्षेत्रों में हल्की राहत मिल सकती है, लेकिन फिलहाल देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की यह दोहरी मार जारी रहने की संभावना है।

Location :  New Delhi

Published :  19 April 2026, 8:19 AM IST