ताऊ तू… तेरी छोरी की उम्र की हूं मैं! लाइव शो में बदतमीजी पर भड़कीं प्रांजल दहिया, स्टेज से सुनाई खरी-खरी

हरियाणवी स्टार प्रांजल दहिया लाइव शो के दौरान बदतमीजी करने वाले दर्शक पर भड़क गईं। मंच से उन्होंने कहा, “ताऊ तू… तेरी छोरी की उम्र की हूं मैं।” इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर तूफान मचा दिया है। फैंस प्रांजल की हिम्मत और महिला सम्मान के लिए उठाई गई आवाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 28 December 2025, 9:12 AM IST

New Delhi: हरियाणवी इंडस्ट्री की मशहूर कलाकार प्रांजल दहिया उस वक्त सुर्खियों में आ गईं, जब एक लाइव शो के दौरान उन्होंने बदतमीजी करने वाले दर्शक को खुले मंच से फटकार लगा दी। आमतौर पर अपनी मुस्कान और दमदार डांस परफॉर्मेंस के लिए पहचानी जाने वाली प्रांजल इस बार गुस्से में नजर आईं।

शो के दौरान एक अधेड़ उम्र के दर्शक की हरकतों से नाराज होकर उन्होंने परफॉर्मेंस रोक दी और मंच से ही अपनी नाराजगी जाहिर की।

“यहां किसी की बहन-बेटी खड़ी है”

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में प्रांजल दहिया साफ शब्दों में कहती दिख रही हैं कि दर्शकों को यह समझना चाहिए कि मंच पर खड़ी कलाकार भी किसी की बहन या बेटी हो सकती है। उन्होंने कहा कि मनोरंजन के नाम पर बदतमीजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनका यह बयान सुनकर मौके पर मौजूद लोग भी शांत हो गए और माहौल कुछ देर के लिए गंभीर हो गया।

“ताऊ तू… तेरी छोरी की उम्र की हूं मैं”

सबसे ज्यादा चर्चा उस पल की हो रही है, जब प्रांजल ने सीधे उस दर्शक को संबोधित करते हुए कहा, “ताऊ तू… तेरी छोरी की उम्र की हूं मैं। क्यों मुंह फेर रहे हो, तुम्हें ही कह रही हूं। थोड़ा कंट्रोल में रहो।” मंच से दिया गया यह बेबाक जवाब सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रहा है। लोग प्रांजल की हिम्मत और आत्मसम्मान की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

बलरामपुर में डीएम डॉ. विपिन जैन की अच्छी पहल, थाने में लगाया जनता दरबार

स्टेज पर चढ़ने से भी जताई नाराजगी

प्रांजल दहिया ने केवल बदतमीजी पर ही नहीं, बल्कि स्टेज पर चढ़ने की कोशिश कर रहे दर्शकों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने अपील की कि परफॉर्मेंस अभी बाकी है, इसलिए कोई भी स्टेज पर न आए। उन्होंने कहा कि दर्शक खुलकर शो का आनंद लें, लेकिन मर्यादा और अनुशासन बनाए रखें। 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फैंस प्रांजल के समर्थन में कमेंट कर रहे हैं और इसे महिला सम्मान से जोड़कर देख रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि ऐसे मामलों में कलाकारों का चुप रहना गलत है और प्रांजल ने सही समय पर सही आवाज उठाई।

200 रुपये किलो से शुरू, नैनीताल की सबसे फेमस नमकीन की दुकान

कौन हैं प्रांजल दहिया?

प्रांजल दहिया हरियाणा और पंजाब की जानी-मानी मॉडल और अभिनेत्री हैं। उन्होंने ‘52 गज का दामन’ और ‘जिप्सी’ जैसे सुपरहिट गानों से जबरदस्त पहचान बनाई। ‘52 गज का दामन’ यूट्यूब पर एक बिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर चुका है। 5 मई 2001 को हरियाणा के सोनीपत में जन्मी प्रांजल ने फरीदाबाद से पढ़ाई की है। आज वह हरियाणा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली कलाकारों में गिनी जाती हैं और कई बड़े ब्रांड्स के साथ काम कर रही हैं।

Location :  New Delhi

Published :  28 December 2025, 9:12 AM IST