
जगदीप धनखड़ (Img : pinterest)
नई दिल्ली: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बुधवार को अचानक बिगड़ गई। सुबह की सैर के दौरान वह अचानक गिर पड़े और कुछ मिनटों के लिए बेहोश हो गए। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें तुरंत संभाला और पहले उनके आवास पर पहुंचाया। बाद में एंबुलेंस से उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह जगदीप धनखड़ रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मदद की और उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) की गाड़ी से उनके आवास पर पहुंचाया।
Former Vice President of India Jagdeep Dhankhar has been admitted to AIIMS, New Delhi, after suddenly collapsing and losing consciousness for several minutes during his morning walk. His security personnel rushed him home in a PCR vehicle, following which an ILBS medical team and AIIMS doctor Dr. Sandeep Seth attended to him. Given his condition, he was subsequently shifted to AIIMS by ambulance for further medical treatment. Further details on his health condition are awaited.
— Dynamite News (@DynamiteNews_) November 11, 2026
इसके बाद इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (ILBS) की मेडिकल टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनके आवास पर पहुंचकर शुरुआती चिकित्सा सहायता दी। हालत को देखते हुए बाद में उन्हें एंबुलेंस से एम्स ले जाया गया।
75 साल जगदीप धनखड़ को एम्स के विशेष कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है। यहां कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी जांच और उपचार कर रहे हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने की सटीक वजह और मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एम्स प्रशासन की ओर से भी खबर लिखे जाने तक कोई औपचारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया था।
दिल्ली में रेलवे स्टेशन-बस अड्डों के बाहर सावधान! शेयर टैक्सी में बैठते ही शुरू हो जाती थी लूट
जगदीप धनखड़ पिछले दो सालों में कई बार बेहोश होने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर चुके हैं। मार्च 2025 में सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें AIIMS के क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी। वहीं, जून 2025 में नैनीताल में कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान भी उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। बताया गया था कि पूर्व सांसद महेंद्र सिंह पाल को गले लगाते समय वह अचानक बेहोश हो गए थे। इसके अलावा जनवरी में भी उनके आवास पर वॉशरूम जाते समय दो बार बेहोश होने की खबर सामने आई थी।
जगदीप धनखड़ ने अगस्त 2022 में देश के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभाला था। 21 जुलाई 2025 को उन्होंने अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही पद से इस्तीफा दे दिया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे गए अपने इस्तीफे में उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी सलाह और सेहत को प्राथमिकता देने की बात कही थी। उपराष्ट्रपति बनने से पहले धनखड़ पश्चिम बंगाल के राज्यपाल भी रह चुके हैं। उपराष्ट्रपति के रूप में उन्होंने राज्यसभा के सभापति की जिम्मेदारी भी संभाली थी।
उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद जगदीप धनखड़ ने आधिकारिक आवास खाली कर दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल वह दक्षिण दिल्ली में हरियाणा के नेता अभय सिंह चौटाला के फार्महाउस में रह रहे हैं। उन्हें अब तक अलग से आधिकारिक सेवानिवृत्ति आवास आवंटित किए जाने की जानकारी भी सामने नहीं आई है।
Location : New Delhi
Published : 11 November 2026, 6:12 PM IST