ED Raid: PMLA केस में ED का शिकंजा, पुलिस अधिकारी और बिजनेसमैन के घर रेड; जानें पूरा मामला

कोलकाता में PMLA मामले को लेकर ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस अधिकारी और कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी की। जांच में दस्तावेज और डिजिटल सबूत खंगाले जा रहे हैं, जिससे बड़े खुलासों की उम्मीद है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 19 April 2026, 10:08 AM IST

Kolkata: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत कई ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई PMLA (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) से जुड़े एक मामले में की गई है, जिससे सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।

पुलिस अधिकारी के घर छापा

ED की टीम ने बल्लीगंज स्थित कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास के आवास पर छापा मारा। रविवार सुबह करीब 7 बजे टीम फर्न रोड स्थित उनके घर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि बिस्वास पहले कालीघाट थाने के प्रभारी रह चुके हैं।

कारोबारी के ठिकाने भी जांच के दायरे में

इसी कार्रवाई के तहत दक्षिण कोलकाता के बेहाला इलाके में सन एंटरप्राइज के मैनेजिंग डायरेक्टर जॉय कामदार के आवास पर भी रेड डाली गई। ED की टीम यहां दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, कारोबारी को पहले भी पूछताछ के लिए समन भेजे गए थे, लेकिन वे पेश नहीं हुए।

सोना पप्पू सिंडिकेट केस से जुड़ाव

यह पूरा मामला दक्षिण कोलकाता के चर्चित “सोना पप्पू सिंडिकेट” केस से जुड़ा बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों को शक है कि इसमें अवैध लेनदेन और मनी ट्रेल का बड़ा नेटवर्क शामिल हो सकता है। इसी कड़ी में तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।

कोलकाता में ED की बड़ी कार्रवाई, सोना पप्पू और सहयोगियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी; जानिये पूरा मामला

चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह की कार्रवाई ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। विपक्ष और सत्ताधारी दल के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो सकते हैं। ऐसे समय में ED की सक्रियता को काफी अहम माना जा रहा है।

अन्य मामलों में भी तेज जांच

हाल के दिनों में ED और अन्य जांच एजेंसियों ने राज्य में कई हाई-प्रोफाइल मामलों में कार्रवाई की है। इससे पहले शिक्षक भर्ती घोटाले में पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी के ठिकानों पर भी छापेमारी हो चुकी है। इसके अलावा आयकर विभाग ने भी कई नेताओं और कारोबारियों पर कार्रवाई की है।

कोलकाता में CBI की बड़ी रेड, बैंक धोखाधड़ी मामले में 5 ठिकानों पर तलाशी

बड़े खुलासों की उम्मीद

फिलहाल ED की टीम जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस केस में आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं। आने वाले दिनों में इस कार्रवाई का दायरा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Location :  Kolkata

Published :  19 April 2026, 10:08 AM IST