Weather Update: मॉनसून की विदाई से पहले फिर बदलेगा मौसम, 7 अक्टूबर तक बारिश और आंधी का अलर्ट

दिल्ली-यूपी में मॉनसून की विदाई के बीच एक बार फिर बारिश का दौर आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 6-7 अक्टूबर को बारिश की संभावना है। हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट है। अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में मॉनसून कमजोर होगा।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 2 October 2026, 7:39 AM IST
google-preferred

New Delhi: देश में मॉनसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन उत्तर भारत के कई राज्यों में जाते-जाते मॉनसून एक बार फिर बारिश करा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ आंधी-तूफान की भी संभावना है।

दिल्ली-यूपी में फिर बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के मैदानी इलाकों से मॉनसून अगले 48 घंटे में विदा होने की स्थिति में है। इसके बावजूद दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 6 और 7 अक्टूबर को बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में भी मॉनसून की विदाई के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। अक्टूबर के पहले सप्ताह के बाद दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत उत्तर-पश्चिम भारत से मॉनसून का असर काफी हद तक खत्म होने की संभावना है।

पहाड़ों में बारिश के साथ आंधी-तूफान

हिमाचल प्रदेश में 5 से 7 अक्टूबर और जम्मू-कश्मीर में 6 से 7 अक्टूबर के दौरान बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में भी 5 से 7 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान की चेतावनी भी दी है।

मध्य प्रदेश में 3 अक्टूबर तक और छत्तीसगढ़ में 2 से 7 अक्टूबर तक बारिश के आसार हैं। बिहार और झारखंड में भी 5 से 7 अक्टूबर के बीच बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Shahid Ali Property: गोरखपुर में गैंगस्टर की 1.22 करोड़ की जमीन जब्त, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में कमजोर होगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक 1 से 7 अक्टूबर के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रह सकती है। हालांकि केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी।

8 से 14 अक्टूबर के बीच मॉनसून बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और पूर्वोत्तर के बाकी हिस्सों से भी विदा हो सकता है। इस दौरान बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।

दक्षिण भारत में पोस्ट-मॉनसून बारिश

अक्टूबर से दिसंबर के बीच दक्षिण भारत में पोस्ट-मॉनसून बारिश का दौर रहेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, केरल और दक्षिण कर्नाटक में बारिश होने की संभावना है।

इस बार मॉनसून में असमान रही बारिश

जून से सितंबर तक देश में औसतन करीब 87 फीसदी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से कम रही। मध्य भारत में बारिश करीब 97 फीसदी और उत्तर-पश्चिम भारत में करीब 94 फीसदी रही। वहीं दक्षिण प्रायद्वीप और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का आंकड़ा क्रमशः करीब 76 और 74 फीसदी रहा।

Location :  New Delhi

Published :  2 October 2026, 7:39 AM IST

Advertisement