
Delh- NCR में झमाझम बारिश का रेड अलर्ट (Img: AI)
New Delhi: दिल्ली-एनसीआर में रविवार को हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी। राजधानी दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के कई हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है।
पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को रविवार की बारिश ने राहत पहुंचाई। सुबह तेज धूप के बाद दोपहर में मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने ठंडी हवाओं का आनंद लिया।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और उत्तर-पूर्वी दिल्ली समेत कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। विभाग ने गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है।
नोएडा में रविवार सुबह तेज धूप और उमस रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम बदल गया और कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, रात के दौरान भी बारिश जारी रहने की संभावना है। हालांकि, निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
Weather Update: दिल्ली में उमस बरकरार, कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 7 से 10 जुलाई के बीच दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों में न रुकने की अपील की है। वाहन चालकों को भी सावधानी बरतने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 5 July 2026, 3:33 PM IST