
पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर अमित शाह का बयान(Source: Google)
New Delhi: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों ने घुसपैठियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए विकास और सुशासन की राह चुनी है। अमित शाह ने इस जनादेश को जनता की स्पष्ट इच्छा बताते हुए कहा कि अब बंगाल से तुष्टीकरण और हिंसा की राजनीति का अंत हो गया है।
अमित शाह ने 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर बंगाल की जनता का आभार जताया। उन्होंने भावुक होते हुए लिखा कि यह जीत उन अनगिनत कार्यकर्ताओं के बलिदान और शहादत का परिणाम है, जिन्होंने हिंसा सहते हुए भी भगवा झंडा नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा, "मैं उन सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को नमन करता हूं जिन्होंने यातनाएं झेलीं पर विचारधारा से विचलित नहीं हुए। आज गंगासागर तक भाजपा का परचम लहरा रहा है।"
Hamirpur News: NH-34 पर रानी लक्ष्मीबाई चौराहे के पास लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी
भविष्य की रणनीति पर चर्चा करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा बंगाल की खोई हुई गरिमा को वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा 'सोनार बांग्ला' के सपने को साकार करेगी। उन्होंने बंगाल के महान व्यक्तित्वों- टैगोर, नेताजी और श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य अब विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
अमित शाह ने असम में भाजपा की ऐतिहासिक हैट्रिक जीत के लिए वहां की जनता और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि असम अब अशांति से निकलकर विकास की भूमि बन चुका है। इसके साथ ही उन्होंने केरल की जनता का भी आभार व्यक्त किया, जहां राजग (NDA) के वोट शेयर में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों में बढ़ता अटूट विश्वास करार दिया।
Location : New Delhi
Published : 5 May 2026, 6:36 AM IST