Air India Flight: फिर तकनीकी खराबी का शिकार हुई एअर इंडिया की फ्लाइट, कांग्रेस के सांसद भी थे सवार

एअर इंडिया की कोच्चि से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट एआई 504 तकनीकी खराबी के कारण टेक-ऑफ से ठीक पहले रद्द कर दी गई। विमान में कांग्रेस सांसद हिबी ईडन भी सवार थे। हाल के दिनों में एअर इंडिया की फ्लाइट्स में लगातार तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 18 August 2025, 8:01 AM IST
google-preferred

New Delhi: एअर इंडिया की उड़ानों में लगातार तकनीकी खराबियों की खबरें सामने आ रही हैं। रविवार शाम को एक और ऐसी घटना तब हुई जब कोच्चि से दिल्ली जा रही फ्लाइट एआई 504 को उड़ान भरने से ठीक पहले तकनीकी खराबी के चलते रद्द कर दिया गया। यह घटना कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई, जहां विमान टेक-ऑफ की प्रक्रिया में था लेकिन तकनीकी समस्या आने के बाद उसे रोककर पार्किंग बे में वापस ले जाया गया।

एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइन की पुष्टि

कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (CIAL) के प्रवक्ता ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टेक-ऑफ रोल के दौरान ही समस्या सामने आई थी। पायलट ने सभी नियमों का पालन करते हुए विमान को तुरंत रोका और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। इस घटना के बाद विमान को पार्किंग एरिया में वापस लाया गया और उड़ान रद्द कर दी गई।

सांसद हिबी ईडन भी थे सवार

इस फ्लाइट में कांग्रेस सांसद हिबी ईडन भी सवार थे। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को फेसबुक पर साझा किया। उन्होंने लिखा कि टेक-ऑफ के दौरान ऐसा महसूस हुआ जैसे विमान फिसल गया हो। इसके तुरंत बाद उड़ान रद्द कर दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की स्थिति से यात्रियों को चिंता होना स्वाभाविक है।

हाल के दिनों में लगातार बढ़ रही घटनाएं

एअर इंडिया की फ्लाइट्स में तकनीकी खराबी की घटनाएं हाल के दिनों में बढ़ी हैं। इससे पहले 16 अगस्त को मिलान से दिल्ली आने वाली फ्लाइट एआई 138 को भी तकनीकी जांच के चलते रद्द करना पड़ा था। तीन अगस्त को भुवनेश्वर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को उच्च तापमान के कारण टेक-ऑफ से पहले ही रद्द कर दिया गया था। वहीं, 31 जुलाई को दिल्ली से लंदन जा रही फ्लाइट को उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या के कारण वापस लौटना पड़ा था।

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि: एअर इंडिया

इन घटनाओं को लेकर एअर इंडिया की ओर से बयान जारी किया गया है कि यात्रियों की सुरक्षा ही उनकी पहली प्राथमिकता है। एयरलाइन ने यह भी कहा है कि सभी तकनीकी मानकों और सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है और किसी भी स्थिति में यात्रियों की जान को जोखिम में नहीं डाला जाएगा।

Location :