हिंदी
कॉकरोच जनता पार्टी (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Mumbai: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के दिल्ली में प्रस्तावित पहले बड़े विरोध प्रदर्शन से ठीक पहले स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई है। मामला दिल्ली में होने वाले प्रोटेस्ट से जुड़ा है, लेकिन इसका असर महाराष्ट्र तक पहुंच गया है। दावा किया जा रहा है कि दीपके के परिवार ने सुरक्षा कारणों से अपना घर छोड़ दिया है और उन्हें किसी अज्ञात सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। परिवार पहले छत्रपति संभाजीनगर (पूर्व औरंगाबाद) के वालुज इलाके में रहता था, जहां उनका घर “शंकर सदन” स्थित है।
सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से परिवार को सोशल मीडिया पर कथित धमकियां मिल रही थीं, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने घर के बाहर सुरक्षा भी तैनात की थी। हालांकि अब बताया जा रहा है कि हालात को देखते हुए परिवार को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
अभिजीत दीपके, जो वर्तमान में बोस्टन में रहते हैं, उन्होंने NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों को लेकर ऑनलाइन अभियान शुरू किया था। इसी अभियान ने बाद में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर इस मुहिम को जबरदस्त समर्थन मिला और कुछ ही दिनों में पार्टी के फॉलोअर्स की संख्या करोड़ों में पहुंच गई। इसी के बाद उन्होंने दिल्ली में बड़े विरोध प्रदर्शन की घोषणा की।
CJP की ओर से NEET और CBSE परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जा रही है। पार्टी का कहना है कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन जरूरी है। दीपके ने यह भी दावा किया है कि यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और इसमें बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल होंगे।
कॉकरोच जनता पार्टी का लगातार बढ़ रहा कुनबा, इस बड़ी शख्सियत की एंट्री ने बढ़ाया सियासी तापमान
जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके के माता-पिता पहले ही सार्वजनिक रूप से उनसे राजनीति से दूर रहने और अपने करियर पर ध्यान देने की अपील कर चुके हैं। उनके पिता भगवानराव दीपके और मां अनीता दीपके ने चिंता जताई थी कि इस तरह के आंदोलन से परिवार की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
Location : Mumbai
Published : 5 June 2026, 1:52 PM IST