Pune Murder Case: कौन है चेतन चौधरी? जिसके लिए सिया ने केतन को उतारा मौत के घाट, एक साल से कर रहे थे डेट

पुणे में हुई एक मौत को पहले हादसा माना गया, लेकिन पुलिस की जांच ने ऐसा सच उजागर किया जिसने सभी को हैरान कर दिया। शादी की तैयारियों के बीच एक प्रेम कहानी, हजारों कॉल और किले की खाई तक पहुंची साजिश का खुलासा हुआ। आखिर कौन है चेतन चौधरी, जिसका नाम सामने आते ही पूरा मामला पलट गया?

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 24 June 2026, 2:34 PM IST

Pune: महाराष्ट्र के पुणे जिले में 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की मौत को शुरुआत में एक दुखद हादसा माना गया था। बताया गया था कि लोहागढ़ किले पर घूमने के दौरान उनका पैर फिसल गया और वे करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गए। लेकिन कुछ ही दिनों बाद पुलिस जांच में जो सच सामने आया, उसने पूरे मामले को एक सनसनीखेज मर्डर मिस्ट्री में बदल दिया। पुलिस का दावा है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर इस हत्या की साजिश रची थी।

कौन थे केतन विशाल अग्रवाल?

केतन अग्रवाल पुणे जिले के गहुंजे के रहने वाले थे और अपने परिवार के रियल एस्टेट कारोबार में निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पढ़ाई में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा था। उन्होंने बिजनेस मैनेजमेंट की शिक्षा हासिल की थी और बाद में अमेरिका जाकर उच्च शिक्षा पूरी की। साल 2023 में उन्होंने मैसाचुसेट्स के एक कॉलेज से एंटरप्रेन्योरियल स्टडीज में मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री हासिल की थी। परिवार और दोस्तों के बीच केतन को एक सफल और महत्वाकांक्षी युवा कारोबारी के रूप में जाना जाता था।

Murder Mystery: ‘सोनम रघुवंशी’ जैसा मामला! प्रेमी के साथ मिलकर मंगेतर की हत्या; केतन अग्रवाल हत्याकांड में बड़ा खुलासा

इसी साल होनी थी शादी

केतन और सिया गोयल की शादी इसी साल तय थी। दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। यहां तक कि राजस्थान के उदयपुर में शादी के लिए एक आलीशान महल भी बुक कर लिया गया था। परिवारों को लग रहा था कि सब कुछ सामान्य चल रहा है, लेकिन पर्दे के पीछे कुछ और ही कहानी चल रही थी।

पुलिस को कैसे हुआ शक?

18 जून को हुई घटना के बाद सिया गोयल ने पुलिस को बताया कि किले में घूमते समय केतन का संतुलन बिगड़ गया और वे खाई में गिर गए। पहली नजर में मामला दुर्घटना का लगा और उसी आधार पर कार्रवाई भी शुरू हुई। लेकिन जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसी बातें मिलीं जिन्होंने शक पैदा कर दिया। पुलिस ने केतन के निजी और सामाजिक जीवन की गहराई से जांच शुरू की। इसी दौरान सामने आया कि सिया गोयल का एक अन्य युवक चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था।

एक साल से चल रहा था रिश्ता

जांच में खुलासा हुआ कि सिया और चेतन पिछले लगभग एक साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 1 जनवरी से 18 जून के बीच दोनों के बीच 2004 फोन कॉल्स हुई थीं। कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों ने जांच को नई दिशा दी। पुलिस का कहना है कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और चेतन के साथ अपने रिश्ते को आगे बढ़ाना चाहती थी। इसी वजह से केतन उनके रास्ते की सबसे बड़ी बाधा बन गए थे।

आखिर कौन है चेतन चौधरी?

22 वर्षीय चेतन बाबूलाल चौधरी पुणे के कोंढवा इलाके का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार वही सिया का प्रेमी है और हत्या की साजिश में उसका अहम रोल था। जांच के दौरान चेतन तब पुलिस के रडार पर आया जब घटना वाले दिन के आसपास के सीसीटीवी कैमरों में उसकी मौजूदगी दिखाई दी। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि उसने अपना मोबाइल फोन घर पर छोड़ दिया था ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। इतना ही नहीं, गर्मी के मौसम में भी वह हूडी पहनकर इलाके में घूमता दिखाई दिया।

Ketan Agarwal Case: पहला प्लान फेल हुआ…तो जन्मदिन के बहाने दोबारा बुलाकर की हत्या; पढ़ें खौफनाक साजिश की पूरी इनसाइड स्टोरी

हालांकि टोल प्लाजा और आसपास लगे कैमरों ने उसकी गतिविधियों को रिकॉर्ड कर लिया। यही फुटेज बाद में पुलिस के लिए बड़ा सबूत साबित हुई।

पूछताछ में खुली साजिश की परतें

स्थानीय अपराध शाखा ने सबसे पहले चेतन को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर कई अहम जानकारियां दीं। पुलिस के अनुसार, चेतन ने स्वीकार किया कि केतन उनके रिश्ते में बाधा बन रहे थे। इसके बाद सिया और उसने मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बनाई। जांच में सामने आया कि सिया ने घूमने के बहाने केतन को लोहागढ़ किले पर बुलाया। बाद में चेतन भी वहां पहुंचा और दोनों ने कथित रूप से मिलकर केतन को खाई में धक्का दे दिया।

इंस्टाग्राम स्टोरी ने भी खींचा ध्यान

केतन की मौत के बाद एक और बात चर्चा में आई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद सिया ने सोशल मीडिया पर एक इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट की थी। उसमें लिखा था, "मुझे पता है तुम यहीं हो... वापस आ जाओ।" शुरुआत में यह पोस्ट शोक और दुख जाहिर करने वाली लगी, लेकिन बाद में जांच के दौरान इसने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

अभी जारी है जांच

केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक सबूत जुटाने, डिजिटल रिकॉर्ड खंगालने और यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं।

Location :  Pune

Published :  24 June 2026, 12:19 PM IST