Taj Hotel Threat: लाल किले के बाद अब मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी, मंचा हड़कंप

दिल्ली के लाल किले के बाद अब मुंबई के ताज महल पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। रविवार को आए अज्ञात कॉल के बाद पुलिस ने परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया। फिलहाल मुंबई और दिल्ली पुलिस मिलकर इस मामले की बारीकी से जांच कर रही हैं।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 12 July 2026, 3:54 PM IST

Mumbai: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की धड़कन कहे जाने वाले ऐतिहासिक 'हज महल पैलेस होटल' को एक बार फिर दहशत के साए में धकेलने की नापाक कोशिश की गई है। रविवार की आधी रात को जब पूरी मुंबई चैन की नींद सो रही थी, ठीक उसी वक्त पुलिस कंट्रोल रूम की एक घंटी ने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए। नवी मुंबई पुलिस को आए एक अज्ञात कॉल में दावा किया गया कि मुंबई के इस आलीशान और अति-प्रतिष्ठित लग्जरी होटल को बम से उड़ा दिया जाएगा। इस सनसनीखेज कॉल के आते ही सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में भारी पुलिस बल के साथ एक बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया गया।

अचानक आया अज्ञात शख्स का फोन, अलर्ट पर सुरक्षा बल

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना रविवार रात करीब 12 बजे की है। नवी मुंबई पुलिस के पास अचानक एक अज्ञात शख्स का फोन आया। फोन करने वाले ने बिना किसी हिचकिचाहट के सीधे शब्दों में कहा कि ताज होटल में बम धमाका होने वाला है और उसे उड़ा दिया जाएगा। मामले की गंभीरता और होटल की संवेदनशीलता को देखते हुए नवी मुंबई पुलिस ने बिना एक पल गंवाए इसकी सूचना तुरंत मुंबई पुलिस को दी।

यह भी पढ़ें-Parenting Mistakes: बच्चे की लंबाई रोक सकती हैं माता-पिता की ये 5 गलतियां, जानें किन बातों का रखें ध्यान

सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, बम निरोधक दस्ता और सुरक्षाकर्मी तुरंत एक्शन में आ गए। एहतियात के तौर पर ताज होटल के पूरे परिसर को घेर लिया गया और चप्पे-चप्पे का गहन निरीक्षण (सर्च ऑपरेशन) शुरू किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, होटल की सुरक्षा को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया गया है और वहां मौजूद मेहमानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर संदिग्ध वस्तु की बारीकी से जांच की गई।

लाल किले की घटना के ठीक अगले दिन दोहराई गई साजिश

चौंकाने वाली बात यह है कि मुंबई के ताज होटल को मिली यह धमकी कोई इकलौती घटना नहीं है। इससे ठीक एक दिन पहले देश की राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक 'लाल किले' को भी इसी तरह बम से उड़ाने की एक फर्जी धमकी दी गई थी। लाल किले में मिली उस धमकी के बाद वहां भी कुछ समय के लिए हाई-अलर्ट की स्थिति पैदा हो गई थी। अब ठीक उसके अगले दिन मुंबई के ताज होटल को निशाना बनाने की बात सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां इसे बेहद गंभीरता से ले रही हैं।

यह भी पढ़ें-‘पेट्रोल डलवाने में अब डर लगता है…’, मशहूर यूट्यूबर सौरभ जोशी ने खोली इथेनॉल की पोल, खरीद ली इलेक्ट्रिक कार

दोषियों की तलाश तेज

इस पूरे मामले में अब दोनों राज्यों की पुलिस एक्शन मोड में आ चुकी है। दिल्ली और मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम आपस में लगातार समन्वय (कोऑर्डिनेशन) बनाकर काम कर रहे हैं। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि इन दोनों धमकियों के पीछे क्या कोई एक ही नेटवर्क है या यह किसी की सोची-समझी शरारत है।

फिलहाल, मुंबई पुलिस उस अज्ञात फोन कॉल के स्रोत (सोर्स) को खंगाल रही है। जिस नंबर से कॉल आया था, उसकी लोकेशन और कॉल डिटेल्स निकाली जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित सुरागों पर काम किया जा रहा है और धमकी देने वाले शख्स की पहचान करने के लिए जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है।

Location :  Mumbai

Published :  12 July 2026, 3:54 PM IST