
राहुल गांधी पहुंचे ब्रीच कैंडी अस्पताल
Mumbai: परिसीमन बिल को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव तेज हो गया है। विपक्ष के नेता बिल के विरोध में एकजुट होने की अपील कर रहे हैं और चेन्नई से मुंबई तक विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर समर्थन जुटा रहे हैं। इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और 'इंडिया' गठबंधन के कई अन्य वरिष्ठ नेता मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां अस्पताल में भर्ती एनसीपी (शरद पवार) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की।
जानकारी के अनुसार विपक्षी नेताओं के इस प्रतिनिधिमंडल ने ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती शरद पवार से केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर बातचीत की। विपक्षी नेताओं ने शरद पवार से इस बिल को समर्थन देने के उनकी पार्टी के फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की।
शरद पवार को मनाने पहुंचे राहुल गांधी
दरअसल केंद्र सरकार ने संसद का एक विशेष सत्र बुलाया है। जो 30 नवंबर से शुरू होगा। इस सत्र में 'परिसीमन विधेयक' पेश किया जाएगा। इस विधेयक को पारित कराने के लिए संसद में दो तिहाई बहुमत की जरूरत होती है। चर्चा है कि केंद्र सरकार ने इसके लिए जरूरी समर्थन जुटा लिया है।
सोमवार से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले विपक्ष इस मुद्दे पर अपनी एकजुटता बनाए रखने की कोशिश कर रहा है। कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक के दल इस मुद्दे पर अपनी रणनीति बना रहे हैं। राहुल गांधी ने विपक्षी दलों से एकजुट होकर बिल का विरोध करने की अपील की है। राहुल गांधी ने चेतावनी दी कि लोकसभा की सीटें 850 तक बढ़ाने का प्रस्ताव लोकतंत्र को कमजोर कर सकता है।
गौरतबल है कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेता लोकसभा में परिसीमन विधेयक को पारित होने से रोकने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं। इसी सिलसिले में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, ममता बनर्जी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने तमिलनाडु जाकर एमके स्टालिन से मुलाकात की। उन्होंने स्टालिन को अपना रुख बदलने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन उनकी यह कोशिश सफल नहीं रही।
Video: Dynamite News ने जब Gen-Z पर पूछा सीधा सवाल, तो जानें राहुल गांधी ने क्या दिया जवाब
बता दें कि 85 वर्षीय शरद पवार फिलहाल दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) और सामान्य अस्वस्थता के लिए इलाज चल रहा है।
NCP (SP) के पास आठ सांसद हैं। फिलहाल वे परिसीमन विधेयक का समर्थन कर रहे हैं। पार्टी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने कई मौकों पर संकेत दिया है कि उन्हें इस विधेयक का समर्थन करने में कोई आपत्ति नहीं है हालांकि उनके भतीजे और पार्टी विधायक रोहित पवार ने उन्हें एक खुला पत्र लिखकर इस फैसले पर “पुनर्विचार” करने का आग्रह किया है।
Location : Mumbai
Published : 29 November 2026, 11:07 PM IST