
एफडीए का बड़ा एक्शन (Img- Pinterest)
Mumbai: साउथ मुंबई के सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक इलाकों में शुमार कोलाबा के 108 साल पुराने 'ओलंपिया कॉफी हाउस' (Olympia Coffee House) का नाम सुनते ही लोग वहां के स्वाद की तारीफ करते नहीं थकते थे।
लेकिन महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की औचक छापेमारी ने इस मशहूर कैफे की एक ऐसी घिनौनी तस्वीर जनता के सामने रख दी है, जिसे देखकर किसी का भी मिचली आना तय है। FDA प्रमुख वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे के सीधे निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद कैफे का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
उपभोक्ता की एक गंभीर शिकायत पर जब एफडीए की टीम जांच करने पहुंची, तो वहां की अस्वच्छता देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जिस स्टोर रूम में ग्राहकों के लिए खाने-पीने का सामान रखा जाता था, ठीक उसी जगह यूरिनल (टॉयलेट) बना हुआ था।
सिर्फ इतना ही नहीं, किचन और रेस्टोरेंट एरिया में कॉकरोच और मक्खियों का जमावड़ा था। रेफ्रिजरेटर में पुराना मांस और खून के अवशेष बिखरे पड़े थे। शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को एक ही जगह बेहद गंदे तरीके से रखा गया था।
खाद्य सुरक्षा नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाले इस कैफे की अंदरूनी व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई थी। जांच में खुलासा हुआ कि कैफे के कुल 35 कर्मचारियों में से 34 कर्मचारियों के पास अनिवार्य 'फूड सेफ्टी ट्रेनिंग' का कोई सर्टिफिकेट ही नहीं था।
इसके अलावा कैफे प्रबंधन के पास न तो इस्तेमाल होने वाले पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट मौजूद थी और न ही सैनिटेशन का कोई रिकॉर्ड रखा गया था। खाना बनाने की जगह से लेकर बर्तन धोने तक का इलाका गंदगी से अटा पड़ा था।
एफडीए ने ओलंपिया कॉफी हाउस को कड़ा आदेश जारी करते हुए सस्पेंशन की अवधि तक खाने-पीने की सभी सामग्रियों की खरीद, बिक्री और वितरण पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। कैफे को तभी दोबारा खोलने की अनुमति मिलेगी जब वे इन सभी गंभीर कमियों को दूर करके दोबारा होने वाले एफडीए निरीक्षण में पास होंगे।
त्योहारी सीजन को देखते हुए एफडीए का यह अभियान यहीं नहीं रुका; नियमों की अनदेखी करने पर मुंबई सेंट्रल स्थित नायर अस्पताल की कैंटीन, चेम्बूर का ब्लिंकिट (Blinkit) वेयरहाउस और कोलाबा का प्रसिद्ध 'कैफे मोंडेगर' भी एफडीए के चाबुक से नहीं बच सके।
Location : Mumbai
Published : 18 September 2026, 8:19 AM IST