हिंदी
आईएएस मुंढे के कड़े तेवर से दवा बाजार में हड़कंप (Img- X)
Mumbai: महाराष्ट्र में अपनी सख्त और ईमानदार कार्यशैली के लिए मशहूर आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे ने अब दवा माफियाओं और नियमों की धज्जियां उड़ाने वाली कंपनियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
राज्य खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के प्रमुख के रूप में मुंढे के कमान संभालते ही विभाग ने जून से अगस्त के बीच रिकॉर्ड तोड़ कार्रवाई की है। इस तीन महीने के विशेष अभियान ने अवैध दवा कारोबारियों की कमर तोड़ दी है।
FDA की टीमों ने पूरे राज्य में ताबड़तोड़ 2,902 स्थानों पर छापेमारी की। इनमें 607 निर्माण इकाइयां और 2,295 मेडिकल दुकानें शामिल थीं। जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए 677 दुकानों और फैक्ट्रियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए, जबकि 203 कंपनियों के लाइसेंस हमेशा के लिए रद्द कर दिए गए।
नकली दवाओं और घटिया कॉस्मैटिक्स के कारोबार को खत्म करने के लिए 104 जब्ती अभियान चलाए गए। इस दौरान 11.41 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध दवाएं और ब्यूटी प्रोडक्ट्स जब्त किए गए।
गंभीर अनियमितता बरतने वालों पर 20 एफआईआर (FIR) दर्ज कर कानूनी शिकंजा कसा गया है। कुल मिलाकर 140 निर्माता कंपनियों और 740 बिक्रेताओं पर सीधी गाज गिरी है।
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने साफ संदेश दिया है कि आम जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। निर्माण से लेकर ग्राहक के हाथ में दवा पहुंचने तक हर स्तर पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। मुंढे ने स्पष्ट किया कि मानक से कम गुणवत्ता वाली और अवैध दवाओं की बिक्री पर यह सख्ती आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
Location : Mumbai
Published : 8 September 2026, 11:55 AM IST